हरदोई के सीएसएन पीजी कॉलेज में हीरक जयंती समारोह का शुभारंभ, राज्यपाल संतोष गंगवार ने किया उद्घाटन, शिक्षा के महत्व पर डाला प्रकाश

हरदोई के सीएसएन पीजी कॉलेज में शनिवार को हीरक जयंती समारोह का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने कॉलेज के नवनिर्मित प्रखंड भवन का उद्घाटन किया और शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए छात्रों को उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया।
झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार तथा उत्तर प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर 21 से 27 फरवरी तक चलने वाले सात दिवसीय समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
समारोह का उद्देश्य कॉलेज की 60 वर्षों की शैक्षणिक यात्रा का उत्सव मनाने के साथ-साथ नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) पर परिचर्चा के माध्यम से विद्यार्थियों को नई दिशा प्रदान करना है। महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, अकादमिक व्याख्यान, संगोष्ठियां तथा खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर कौशलेंद्र सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए संस्थान की गौरवशाली परंपरा और उपलब्धियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
राज्यपाल के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा और परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।