हरदोई में तालाब में डूबी तीन किशोरियां, एक बची, दो की तलाश जारी

हरदोई। पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रामपुर दहेलिया में शुक्रवार को सिंघाड़ा निकालने गई तीन किशोरियां तालाब में डूब गईं। इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के समय तालाब के पास बकरी चरा रहे एक बच्चे ने किशोरियों को डूबते देखा और शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए काफी मशक्कत के बाद 14 वर्षीय जानवी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि प्रियंका (12 वर्ष) और आरुषि (13 वर्ष), दोनों पुत्री कमलेश, तालाब में लापता हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि तीन बच्चियां तालाब में डूब गई थीं, जिनमें से एक तैरकर बाहर निकल आई। अन्य दो की तलाश के लिए गोताखोरों को लगाया गया है। सीतापुर से एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंचकर खोजबीन में जुटी है। इसके अलावा एनडीआरएफ की टीम को भी तलाश अभियान में लगाया गया है।
गांव में एक साथ तीन बच्चियों के डूबने की घटना से माहौल गमगीन है। परिजन और ग्रामीण तालाब किनारे जुटे हुए हैं और बच्चियों के सुरक्षित मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं। प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया है। समाचार लिखे जाने तक लापता दोनों किशोरियों का कोई सुराग नहीं मिल सका था।