श्रद्धालुओं की कमी से प्राचीन गुफा में मिल रहा दर्शन का सौभाग्य

कटड़ा। मां वैष्णो देवी की यात्रा में कमी का लाभ श्रद्धालुओं को हो रहा है। श्रद्धालुओं को रात्रि के साथ ही दिन के समय मां वैष्णो देवी की प्राचीन गुफा में प्रवेश करने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। श्रद्धालु मां के दिव्य दर्शन करने के बाद भैरव घाटी रवाना हो रहे हैं। अर्धकंवारी मंदिर प्रांगण में पवित्र गर्भ जून गुफा के भी निरंतर दर्शन कर रहे हैं। देश भर में परीक्षाओं के चलते वर्तमान में यात्रा में लगातार कमी दर्ज की जा रही है। वर्तमान में 12000 से 16000 के मध्य श्रद्धालुओं का आंकड़ा रोज का बना हुआ है। हेलिकॉप्टर के साथ ही बैटरी कार, रोपवे केवल कार तथा घोड़ा, पिट्टू और पालकी आदि सेवाएं भी बिना किसी परेशानी के श्रद्धालुओं को लगातार मिल रही हैं। वीरवार शाम छह बजे तक करीब 10500 श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर मां वैष्णो देवी भवन की ओर और रवाना हो चुके थे।