हरदोई में वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव, कांच टूटा, जांच शुरू, ट्रेन में आरएसएस प्रमुख थे सवार

हरदोई। वाराणसी से मेरठ जा रही 22489 वंदे भारत एक्सप्रेस पर हरदोई जनपद में पथराव की घटना सामने आई है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना चांदमारी और कौढ़ा स्टेशन के बीच उस समय हुई, जब ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ रही थी। अचानक फेंके गए पत्थर से ट्रेन के सी-4 कोच का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, घटना के समय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत भी इसी ट्रेन में यात्रा कर रहे थे, हालांकि वे किस कोच में सवार थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम के माध्यम से हरदोई स्थित अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीमों ने संयुक्त रूप से जांच शुरू कर दी।
सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि कोतवाली देहात क्षेत्र के बलोखर पुरवा के पास 8 से 13 वर्ष के कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। खेल के दौरान फेंका गया एक पत्थर ट्रेन की खिड़की से टकरा गया, जिससे कांच टूट गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि वंदे भारत देश की प्रीमियम ट्रेनों में शामिल है, ऐसे में इस तरह की घटनाएं यात्रियों की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय हैं। सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।