अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के उन्नत ए.सी. प्रतीक्षालय को मिला यात्रियों का जबरदस्त प्रतिसाद

अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के उन्नत ए.सी. प्रतीक्षालय को मिला यात्रियों का जबरदस्त प्रतिसाद

100,000 से अधिक यात्रियों ने उठाया लाभ

पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा हेतु आधुनिक वातानुकूलित (ए.सी.) प्रतीक्षालय को उन्नत एवं सुव्यवस्थित रूप से संचालित किया जा रहा है, जिसे यात्रियों का अत्यंत सकारात्मक प्रतिसाद प्राप्त हो रहा है।

यह ए.सी. प्रतीक्षालय 394 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में स्थापित है। इसका संचालन मेसर्स क्वालिटी कैटरर्स, ईस्ट दिल्ली द्वारा अनुबंध के अंतर्गत किया जा रहा है। अनुबंध में प्रतीक्षालय का उन्नयन, रखरखाव, स्वच्छता, प्रशिक्षित स्टाफ द्वारा संचालन तथा यात्रियों से निर्धारित उपयोग शुल्क का संग्रहण सम्मिलित है।

26.11.2025 से 18.02.2026 की अवधि के दौरान 1,00,000 से अधिक यात्रियों ने ए.सी. प्रतीक्षालय की सुविधा का लाभ उठाया, जिससे लगभग ₹25,00,000/- की उपयोग शुल्क आय प्राप्त हुई है। यह आँकड़े इस सुविधा की लोकप्रियता एवं उपयोगिता को स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं।

ए.सी. वेटिंग हॉल में उपलब्ध प्रमुख सुविधाएँ

कुल 250 यात्रियों की आरामदायक बैठने की क्षमता।

पेयजल एवं रिफ्रेशमेंट स्टॉल, जहाँ हॉट एवं कोल्ड बेवरेज, स्नैक्स, लाइट मील, ब्रेकफ़ास्ट, डेज़र्ट एवं बेकरी आइटम्स उपलब्ध है जैसे- फ्लेवर्ड चाय/टी बैग चाय, कॉफी, सूप, लस्सी इडली-वड़ा सांभर, वेज बिरयानी, समोसा,कचौरी, वेज, पनीर, बर्गर आदि।

सेल्फ-डिस्पेंसिंग मशीन के माध्यम से गैर-मादक पेय पदार्थों की उपलब्धता।

यात्रियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ट्रैवल डेस्क सुविधा।

समाचारपत्र, पत्रिकाएँ, पुस्तकें, टॉयलेटरीज एवं ओटीसी दवाइयों की बिक्री।

पुरुष एवं महिला यात्रियों के लिए पृथक एवं स्वच्छ शौचालय तथा स्नानघर की व्यवस्था।

स्नानघर में गर्म पानी उपलब्ध कराने हेतु गीजर की सुविधा।

मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के लिए पर्याप्त चार्जिंग पॉइंट्स।

उपलब्ध खाद्य एवं पेय पदार्थों की दर सूची का वाणिज्य विभाग द्वारा सत्यापन किया गया है तथा इन्हें दरों के अनुरूप पाया गया है। इससे यात्रियों को उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ प्राप्त हो रही हैं।

अहमदाबाद मंडल यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करने हेतु प्रतिबद्ध है तथा स्टेशन सुविधाओं के सतत उन्नयन की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।