दबंगों के हौसले बुलंद: महिला ग्राम प्रधान को दी जान से मारने की धमकी

दबंगों के हौसले बुलंद:

अवैध कब्जा रोकने पर महिला ग्राम प्रधान को दी जान से मारने की धमकी

लखीमपुर खीरी (पसगवां):

जनपद के मोहम्मदी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सभा मुल्लापुर में सरकारी भूमि को भू-माफियाओं से बचाना महिला ग्राम प्रधान के लिए जी का जंजाल बन गया है। ग्राम समाज की बंजर भूमि पर अवैध निर्माण रोकने से नाराज दबंगों ने महिला प्रधान को सरेआम जान से मारने की धमकी दी है, जिससे गांव में तनाव का माहौल है।

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मुल्लापुर की वर्तमान प्रधान सविता मिश्रा ने गांव की गाटा संख्या 943ख मि. (जो राजस्व अभिलेखों में बंजर भूमि दर्ज है) पर हो रहे अवैध कब्जे का विरोध किया था। गांव के ही दबंग राजन शुक्ला पुत्र हरद्वारी लाल शुक्ला द्वारा उक्त भूमि पर नींव खोदकर अवैध निर्माण कराया जा रहा था। ग्राम प्रधान की शिकायत पर राजस्व विभाग ने काम तो रुकवा दिया, लेकिन मौके से अवैध निर्माण नहीं हटवाया गया।

शराब के नशे में दी जा रही धमकियां

पीड़ित महिला प्रधान सविता मिश्रा का आरोप है कि काम रुकने से बौखलाया आरोपी राजन शुक्ला अब खुलेआम उन्हें गाली-गलौज कर रहा है। आरोप है कि विपक्षी शराब पीकर गांव में घूम-घूम कर प्रधान को जान से मारने की धमकी दे रहा है। प्रधान ने बताया कि वह घर पर अकेली रहती हैं और कुछ अन्य लोग, जो उनके प्रधान पद से ईर्ष्या रखते हैं, विपक्षी के साथ मिलकर उनकी घेराबंदी कर रहे हैं।

सुरक्षा की गुहार

घटना से भयभीत महिला प्रधान ने पुलिस उपाधीक्षक (CO) मोहम्मदी को प्रार्थना पत्र देकर अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। महिला प्रधान का कहना है कि यदि एक निर्वाचित प्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता का क्या होगा?

अब देखना यह है कि प्रशासन इस दबंगई पर क्या रुख अपनाता है और महिला प्रधान को न्याय कब मिलता है।