गुजरात को मिली नई सौगात: असारवा–उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ

भारतीय रेल द्वारा गुजरात में आधुनिक रेल सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 16 फरवरी को असारवा?उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा का शुभारंभ किया गया। यह सेवा राज्य में तेज, सुरक्षित एवं विश्वस्तरीय रेल यात्रा के नए आयाम स्थापित करेगी।

हिम्मतनगर स्टेशन पर सांसद शोभनाबेन बारैया,सांसद मयंक नायक,सांसद रमीलाबेन बारा एवं पूर्व सांसद दीपसिंह राठोड द्वारा उदयपुर?असारवा वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इसी क्रम में असारवा स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में महापौर, अहमदाबाद प्रतिभाबेन जैन,सांसद,दिनेशभाई मकवाना तथा सांसद (राज्यसभा)नरहरि अमीन द्वारा उदयपुर सिटी-असारवा वंदे भारत एक्सप्रेस का स्वागत किया गया।

इस अवसर पर सांसद दिनेशभाई मकवाना ने अपने संबोधन में कहा कि भारत सरकार और भारतीय रेल गुजरात में ट्रेन सेवाओं और रेलवे अवसंरचना को उन्नत करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध हैं। वर्तमान में गुजरात में ₹1,28,748 करोड़ के रेलवे कार्य प्रगति पर हैं और इस वर्ष के बजट में राज्य को रिकॉर्ड ₹17,366 करोड़ का आवंटन प्राप्त हुआ है। गुजरात के 87 स्टेशनों का पुनर्विकास विश्व-स्तरीय रेलवे स्टेशनों के रूप में किया जा रहा है, जिनमें से 19 स्टेशनों का उद्घाटन हो चुका है। यह दर्शाता है कि गुजरात देश के रेलवे आधुनिकीकरण में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

इस अवसर पर सांसद नरहरि अमीन ने बताया कि गुजरात से बहुत से लोग शादी के लिए सामूहिक रूप से उदयपुर जाते है उनके के लिए यह ट्रेन वरदान स्वरूप है जो 4 से 4.15 घंटे में असारवा से उदयपुर पहुंचाती है। यह ट्रेन अत्याधुनिक एवं सड़क मार्ग की अपेक्षा ज्यादा सुरक्षित व आरामदायक है।

यह गुजरात की छठी वंदे भारत ट्रेन है, जो क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के साथ-साथ यात्री सुविधा, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देगी। भारतीय रेल अपग्रेड किए गए स्टेशनों, नई रेल लाइनों एवं अत्याधुनिक सुविधाओं के माध्यम से क्षेत्रीय विकास और बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। असारवा?उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस इसी प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है।

यह अत्याधुनिक ट्रेन रिक्लाइनिंग एवं आरामदायक सीटों, स्लाइडिंग दरवाजों, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, बायो-टॉयलेट, स्वचालित प्रवेश एवं निकास द्वार तथा सीसीटीवी कैमरों जैसी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। यह ट्रेन यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा के साथ विश्वस्तरीय आराम का अनुभव प्रदान करेगी।

ट्रेन संचालन विवरण

ट्रेन संख्या 26964/26963 असारवा?उदयपुर सिटी?असारवा वंदे भारत एक्सप्रेस

ट्रेन संख्या 26964 असारवा?उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस 18 फरवरी 2026 से प्रतिदिन (मंगलवार को छोड़कर) असारवा से 17:45 बजे प्रस्थान कर 22:00 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी।

ट्रेन संख्या 26963 उदयपुर सिटी?असारवा वंदे भारत एक्सप्रेस 18 फरवरी 2026 से प्रतिदिन (मंगलवार को छोड़कर) उदयपुर सिटी से 06:10 बजे प्रस्थान कर 10:25 बजे असारवा पहुंचेगी।

मार्ग में दोनों दिशाओं में यह ट्रेन हिम्मतनगर, डूंगरपुर एवं जावर स्टेशनों पर ठहरेगी।

इस ट्रेन में एसी चेयर कार एवं एक्जीक्यूटिव चेयर कार सहित कुल 8 कोच रहेंगे।