बावन-मुजाहिदपुर रोड पर शराब ठेका हटाने को ग्रामीणों का धरना, हरदोई में सैकड़ों लोगों ने किया प्रदर्शन, अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन

हरदोई। जिले के बावन-मुजाहिदपुर रोड पर स्थित शराब ठेके को हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। संदीप पहलवान के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने धरना दिया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने ठेका हटाने की मांग करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
ग्रामीणों का आरोप है कि आबादी और सरकारी स्कूल के पास शराब का ठेका होने से क्षेत्र में आए दिन झगड़े, हादसे और आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में शराब पीने के कारण एक युवक की मौत भी हो चुकी है, जिससे लोगों में गुस्सा और बढ़ गया है।
धरना स्थल पर लोनार थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौजूद रहे और स्थिति पर नजर बनाए रखी। इस दौरान एसडीएम सदर से फोन पर बात हुई। बताया गया कि महाशिवरात्रि के कारण वे स्वयं मौके पर नहीं पहुंच सके, लेकिन ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मामले को गंभीरता से देखा जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान उपजिलाधिकारी सदर की ओर से भेजे गए आबकारी इंस्पेक्टर जिलाजीत सिंह, तहसीलदार और लेखपाल शशिकांत ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों का ज्ञापन लिया। ज्ञापन में करीब 380 महिला-पुरुषों के हस्ताक्षर थे, जिसमें ठेका जल्द हटाने की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि ठेका नहीं हटाया गया, तो अगले रविवार को इससे भी बड़ा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर ठेका आबादी से दूर स्थानांतरित करने की मांग की है।