मुरादाबाद छापेमारी : अवैध अस्पताल-क्लीनिक सील, तीन झोलाछाप भेजे जेल

मुरादाबाद में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने झोलाछाप डॉक्टरों पर छापेमारी की। एक अवैध अस्पताल को सील किया गया और दो झोलाछापों को जेल भेजा गया। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि छापेमारी जारी रहेगी। कई क्लीनिकों में अवैध चिकित्सा कार्य पाया गया।

मुरादाबाद। जिले में कथित तौर पर झोलाछापों के फैले जाल और उनकी तरफ से लोगों की सेहत को खतरे में डालने के बढ़ते मामलों के मद्देनजर उन पर शिकंजा कसने के इरादे से जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा गठित संयुक्त टीम ने बुधवार को बड़े पैमाने पर छापेमारी करके झोलाछापों को निशाने पर लिया। इस दौरान अवैध तरीके से संचालित एक अस्पताल को सील कर दिया गया। दो झोलाछापों को जेल भेजने की कार्रवाई की गई। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह ने टीमों द्वारा छापेमारी एवं उनकी तरफ से की गई धरपकड़ व कार्रवाई की जानकारी दी। बताया कि डिप्टी कलेक्टर माधव उपाध्याय व डिप्टी सीएमओ डॉ. आरके शर्मा ने आरिफ मेमोरियल अस्पताल का संचालन अवैध पाया।

जिसे तत्काल सील कर दिया गया। अपर नगर मजिस्ट्रेट व डिप्टी सीएमओ डॉ. विकास सिंह की टीम ने सलमा नासिर व अंसार पाइल्स क्लीनिक का संचालन अवैध पाकर उसे सील कर दिया। अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रिंस व डिप्टी सीएमओ डॉ. संजीव बेलवाल ने एकता विहार स्थित चांद अस्पताल पर छापा मारा। इसमें ऑपरेशन थियेटर अवैध मिला। सभी उपकरण व सामग्री सील कर दी। आशियाना क्लीनिक अवैध रूप से संचालित मिला। इलाके में अवैध एवं अपंजीकृत चिकित्सा कार्य करने के आरोपी तीन लोगों को चिन्हित करके जिला अस्पताल प्रशासन ने वैधानिक कार्रवाई करके उन्हें जेल भेज दिया। अपर उप जिलाधिकारी स्निग्धा चतुर्वेदी व एसीएमओ डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव की टीम ने कोहिनूर तिराहा स्थित दीप नर्सिंग होम का निरीक्षण किया।उपजिलाधिकारी अमित कुमार व प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. कुलजीत सिंह ने गागन तिराहा स्थत इंडियन हेल्थ केयर क्लीनिक का निरीक्षण करके उसमें कमियां पाई। सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि अवैध अस्पतालों पर छापेमारी जारी रहेगी।