रफ्तार का कहर, नशे में धुत कार सवार ने ली युवक की जान, दूसरा गंभीर

पीलीभीत। सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के खंडेपुर भट्टे के पास एक अनियंत्रित कार ने तांडव मचाते हुए बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। इस भीषण हादसे में एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। घटना के बाद से ही पूरे गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों और सूत्रों के मुताबिक कार चालक शराब के नशे में इस कदर चूर था कि उसे सड़क पर मौत नाचती हुई दिखाई नहीं दी। खंडेपुर भट्टे के पास तेज रफ्तार कार सबसे पहले एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ सकते थे, लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे भगाना जारी रखा। इसी पागलपन का नतीजा यह हुआ कि कार ने सामने से आ रहे बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। कार की जोरदार टक्कर से मोटरसाइकिल पर सवार मोहम्मद हुसैन 28 वर्ष पुत्र अलीजान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उनके साथी बदरुद्दीन 32 वर्ष पुत्र तोसीफ अहमद गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों मृतक और घायल ग्राम केसरपुर कला के निवासी हैं। घायल बदरुद्दीन को आनन फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। जैसे ही हादसे की खबर केसरपुर कला पहुंची पूरे गांव में कोहराम मच गया। अपनों को खोने के गम में डूबे परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी कार चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।