हरदोई में अनुसूचित जाति कांग्रेस का संगठन सृजन कार्यक्रम सम्पन्न, बूथ स्तर तक मजबूती पर जोर, सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के मुद्दों पर हुई चर्चा

हरदोई। जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में अनुसूचित जाति विभाग कांग्रेस द्वारा आयोजित संगठन सृजन कार्यक्रम गुरुवार को उत्साह और अनुशासन के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10:30 बजे अंबेडकर पार्क में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद सुबह 11 बजे जिला कांग्रेस कार्यालय में संगठन सृजन बैठक आयोजित की गई।
कार्यक्रम में अनुसूचित जाति विभाग कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव प्रमोद कुमार जयंत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि अवध जोन प्रभारी बृजेश आर्य ने विशेष रूप से भागीदारी की।
मुख्य अतिथि प्रमोद कुमार जयंत ने कहा कि बाबा साहब द्वारा निर्मित संविधान देश के लोकतंत्र की आत्मा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार संविधान, आरक्षण और सामाजिक न्याय को कमजोर करने का प्रयास कर रही है, जबकि कांग्रेस वंचित और शोषित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने संगठन सृजन अभियान के माध्यम से बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया।
अवध जोन प्रभारी बृजेश आर्य ने कहा कि मजबूत संगठन ही भाजपा की नीतियों का जवाब दे सकता है। उन्होंने हरदोई में कार्यक्रम के सफल आयोजन को पार्टी के लिए सकारात्मक संकेत बताया।
प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र कुमार ने कहा कि दलित, वंचित और कमजोर वर्गों की लड़ाई कांग्रेस ही मजबूती से लड़ रही है और संगठन को गांव-गांव तक मजबूत किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष विक्रम पांडे, शहर अध्यक्ष अनुपम दीक्षित, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता देवी, ओबीसी विभाग जिलाध्यक्ष राकेश राठौर, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष रतन मोहन सिंह, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष हसन अहमद समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में संगठन विस्तार, सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के मुद्दों पर चर्चा की गई।