राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया

मुरादाबाद आरटीओ कार्यालय परिसर में शनिवार को 31 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और यातायात नियमों के पालन को लेकर आमजन को प्रेरित करना रहा।समारोह में संभागीय परिवहन अधिकारी राजेश सिंह, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ इंफोर्समेंट) संदीप कुमार पंकज, डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) आंजनेय सिंह सहित परिवहन विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकार या विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक कर्तव्य है। थोड़ी सी लापरवाही न केवल हमारी, बल्कि दूसरों की जान भी खतरे में डाल सकती है। उन्होंने लोगों से हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की।इस अवसर पर यातायात जागरूकता अभियान में सहयोग करने वाले वॉलिंटियर्स को विधायक द्वारा सम्मानित किया गया। इसके साथ ही ?राहवीर योजना? के अंतर्गत उन व्यक्तियों को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जिन्होंने सड़क दुर्घटना में घायलों की समय पर सहायता कर उनकी जान बचाई थी। यातायात वॉलिंटियर्स को भी उनके सराहनीय योगदान के लिए प्रमाण पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों को हेलमेट वितरित किए गए, ताकि सुरक्षित वाहन चलाने का संदेश और अधिक प्रभावी रूप से दिया जा सके। समापन अवसर पर विधायक ठाकुर रामवीर सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी राजेश सिंह एवं क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संदीप कुमार पंकज ने उपस्थित सभी लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई।इसके साथ ही कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा गैलरी का भी शुभारंभ किया गया, जिसमें पोस्टरों और चित्रों के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं से बचाव, सुरक्षित ड्राइविंग के नियम और आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति प्रेरित किया जाएगा।