हरदोई में पंचायत के दौरान दबंगों पर हमले का आरोप, सरकारी कर्मचारियों के सामने किया पथराव, बोरिया-बिस्तर लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा परिवार

हरदोई। बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम तौकलपुर में नाली के पानी के निकास और दीवार के सहारे गड़े सीमेंट के खंभे को लेकर दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि पंचायत के दौरान ही हालात बेकाबू हो गए। पीड़ित सतेंद्र कुमार और गांव के ही पंकज सिंह यादव के बीच कहासुनी के बाद मामले को सुलझाने के लिए पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत में क्षेत्रीय लेखपाल, दो सिपाही और ग्राम प्रधान मौजूद थे।
आरोप है कि पंचायत के दौरान ही गांव के रोहित सिंह यादव, मनोज सिंह, शिशुपाल सिंह यादव, विपिन यादव, कारे यादव, शिवम यादव, अनिल यादव समेत कई दबंग मौके पर पहुंचे और फैसले में बाधा डालते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। सरकारी कर्मचारियों की मौजूदगी में ही ईंट-पत्थर चलने लगे। भयभीत पीड़ित परिवार घर के अंदर घुसकर गेट बंद करने को मजबूर हो गया, लेकिन दबंगों ने गेट तोड़ दिया, ठेलिया और नाली क्षतिग्रस्त कर दी। पथराव में परिवार के लोग और बच्चे घायल हो गए।
सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। पीड़ित का आरोप है कि इसके बावजूद पुलिस ने उसे ही थाने ले जाकर रात भर बैठाए रखा और अगले दिन चालान कर दिया। मदद के लिए आए रिश्तेदारों का भी चालान कर दिया गया। थाने में दी गई शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
दबंगों की लगातार धमकियों और पुलिस की कथित गलत कार्रवाई से भयभीत होकर पीड़ित परिवार शुक्रवार को अपना बोरिया-बिस्तर लेकर एसपी कार्यालय पहुंच गया। परिवार ने जमीन पर चादर बिछाकर वहीं बैठते हुए रोते-बिलखते पुलिस से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई। परिजनों का कहना है कि यदि उन्हें सुरक्षा नहीं मिली तो उनका गांव में रहना मुश्किल हो जाएगा। हालांकि गेट पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाया और कहा कि उच्चाधिकारियों द्वारा मामले में जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। अब यह देखना है कि प्रशासन पीड़ित परिवार के भरोसे को मजबूत करता है या उनकी पीड़ा अनसुनी रह जाती है।