मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में 48 जोड़े बने हमसफ़र, हरदोई में सम्पन्न हुआ कार्यक्रम, दुर्घटना के शिकार जोड़े ने भी लिए फेरे

हरदोई। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन राजकीय आईटीआई परिसर, हरदोई में गरिमापूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में 47 हिंदू और एक मुस्लिम जोड़े सहित कुल 48 जोड़े अपने-अपने रीति-रिवाजों के अनुसार वैवाहिक बंधन में बंधे।
अतिरिक्त मजिस्ट्रेट एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी पूनम भास्कर ने बताया कि शासन की ओर से सभी नवविवाहित जोड़ों को अनुमन्य 26 प्रकार की उपहार सामग्री प्रदान की गई। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि विकास खंड माधौगंज के एक जोड़े, वर्षा पुत्री शेर सिंह, का विवाह समारोह समाप्त होने के बाद भी सम्पन्न कराया गया, ताकि वे योजना के लाभ से वंचित न रह जाएं।
इसके अलावा नगर पालिका संडीला की एक जोड़ी, रचना पुत्री स्वर्गीय राजकुमार, विवाह स्थल पर आते समय सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई थी। इसके बावजूद दोनों विवाह स्थल पर पहुंचे। उन्हें तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई और उपचार के बाद उनका विवाह भी सम्पन्न कराया गया तथा योजना के अंतर्गत उपहार सामग्री प्रदान की गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, नगर पालिका परिषद सदर के अध्यक्ष सुखसागर मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), नगर मजिस्ट्रेट, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक (डीआरडीए), उपनिदेशक कृषि, जिला गन्ना अधिकारी, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। सभी ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।