झाँसी में नशा तस्करों पर पुलिस की बड़ी कार्यवाही

झाँसी उत्तर प्रदेश

सुल्तान आब्दी

झाँसी पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली थाना पुलिस ने 58 किलो से ज्यादा नाजायज गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई जा रही है। उक्त कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई। पुलिस ने तीनों तस्करों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेज दिया है।

दरअसल, झाँसी के कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग भारी मात्रा में गांजा बेचने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने बाबा का अड्डा, अशोक सनफ्रांस रोड, बड़ागांव गेट के पास घेराबंदी कर तीन युवकों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान तीन ट्रॉली बैग से कुल 58.340 किलो नाजायज गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा एक क्रॉस बैग से तीन मोबाइल फोन और एक आईपैड तथा जामा तलाशी से 32 हजार 330 रुपये नकद भी मिले। पूछताछ में तस्करों ने बताया कि वे नागपुर से ट्रेन के जरिए गांजा लेकर आए थे और उसे बेचने जा रहे थे।

फिलहाल, पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। झाँसी पुलिस की इस कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।।