अमृतसर। प्लेटफाॅर्म पर मिलेगी हर बीमारी की दवा, रेलवे खोलेगा मेडिकल स्टोर! सीनियर डीसीएम परमदीप सिंह सैनी,,,,.....

अमृतसर। ट्रेन में सफर के दौरान यदि कोई बीमार पड़ता है तो परेशान न हों। रेलवे अब मुख्य स्टेशनों के प्लेटफाॅर्मों पर मेडिकल स्टोर खोलने जा रहा है। इन मेडिकल स्टोर्स पर यात्रियों को पेट दर्द से लेकर किसी भी बीमारी के लिए डॉक्टर द्वारा सुझाई गई दवाएं मिल जाएंगी। अभी यह फिरोजपुर मंडल के अमृतसर स्टेशन पर मेडिकल स्टोर खुलने जा रहा है।

रेलवे ने टेंडर मंगाए थे, जिसकी प्रक्रिया अब पूरी हो गई है। अमृतसर स्टेशन पर मेडिकल स्टोर खोलने के लिए कंपनी का चयन हो चुका है। जंक्शन से रोजाना कई एक्सप्रेस और कई पैसेंजर ट्रेनें गुजरती हैं। इनमें प्रतिदिन डेढ़ लाख से ज्यादा यात्री आवागमन, प्रस्थान करते हैं। कई बार ट्रेन में यात्री के बीमार होने पर उसे दवा नहीं मिल पाती। प्लेटफाॅर्म पर मेडिकल स्टोर होने से उन यात्रियों को भी लाभ होगा, जिन्हें हर समय दवा की जरूरत रहती है। घर से अपने व्हाट्सएप पर डॉक्टर का पर्चा मंगाकर रेलवे स्टेशन से दवाएं खरीद सकेंगे।

मेडिकल स्टोर का संचालन करने वाले व्यक्ति के पास फार्मेसी की डिग्री होगी। रेलवे इस नियम का पालन कराने के लिए मुख्य वाणिज्य निरीक्षक को जिम्मेदारी सौंपेगा। सीनियर डीसीएम परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि मेडिकल स्टोर पर बैठकर यात्रियों को वही व्यक्ति दवा देगा, जिसके पास फार्मेसी की डिग्री व प्रशिक्षण हो। 139 डायल करने पर यात्रियों की मदद के लिए रेलवे के डॉक्टर भी मौके पर पहुंच जाएंगे। इससे यात्रियों को दोहरा लाभ होगा। यह मेडिकल स्टोर जन औषधि केंद्रों से अलग खोले जाएंगे।