हरदोई में शिक्षक के घर घुसकर दबंगों का हमला, मारपीट का वीडियो वायरल, कार्रवाई की मांग

हरदोई। जनपद के मंझिला थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव में दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव के ही कुछ दबंगों ने एक बेसिक विद्यालय में तैनात शिक्षक के घर में घुसकर जमकर मारपीट की। इस हमले में शिक्षक सहित उसके परिजन घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित शिक्षक राम प्रकाश, जो बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं, अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान गांव के कुछ दबंग वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने शिक्षक के घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए परिजनों के साथ भी मारपीट की गई, जिससे कई लोग चोटिल हो गए।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। मारपीट और गाली-गलौज का वीडियो किसी ने मोबाइल से रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। वायरल वीडियो में दबंग खुलेआम शिक्षक और उसके परिजनों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
घायल शिक्षक राम प्रकाश ने मंझिला थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिक्षक का कहना है कि दबंग लगातार उन्हें और उनके परिवार को प्रताड़ित कर रहे हैं, जिससे वे भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं।
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्क है।