हरदोई में प्रेमी युगल ने फांसी लगाकर आत्महत्या की, घर से बर्थडे पार्टी में जाने को कहकर निकला था युवक, प्रेमिका की मांग भरने के बाद दोनों ने जान दी

हरदोई। टड़ियावां क्षेत्र के दौलतपुर गांव में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर आम के बाग में एक प्रेमी युगल के शव फांसी के फंदे से लटके मिले। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने उच्चाधिकारियों को सूचना देते हुए जांच शुरू की।
मृतकों की पहचान जितेंद्र पुत्र छुन्ना (उम्र लगभग 22 वर्ष) निवासी गांव दौलतपुर और सपना पुत्री खुशीराम (उम्र लगभग 18 वर्ष) निवासी पैढाई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक बालिग था, जबकि युवती नाबालिग बताई जा रही है। जितेंद्र अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था और गांव में ट्रैक्टर चलाने का काम करता था। परिजनों के अनुसार, वह गुरुवार शाम घर से यह कहकर निकला था कि वह एक बर्थडे पार्टी में जा रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों के बीच काफी समय से प्रेम संबंध थे। चर्चा है कि आत्महत्या से पहले दोनों ने एक-दूसरे की मांग में सिंदूर भरकर शादी की रस्म भी निभाई थी, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना ने पूरे इलाके में शोक और चर्चा का माहौल पैदा कर दिया है।
सूचना मिलने पर थाना टड़ियावां पुलिस, फील्ड यूनिट और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को पेड़ से उतरवाकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया गया और साक्ष्य एकत्र किए गए।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि आम के बाग में युवक-युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।