हरदोई बार एसोसिएशन चुनाव, 1595 में से 1463 अधिवक्ताओं ने डाले वोट, कल शुक्रवार को होगी मतगणना

हरदोई। बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए गुरुवार को हुए चुनाव में अधिवक्ताओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। प्रातः 8 बजे से शाम 5 बजे तक चले मतदान में कुल 1595 अधिकृत मतदाताओं में से 1463 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पूरे दिन चले मतदान के दौरान मतदान प्रतिशत काफी उत्साहजनक रहा और प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
मतदान की शुरुआत सुबह 8 बजे हुई। प्रारंभिक रुझान के अनुसार सुबह 10 बजे तक 97 अधिवक्ताओं ने मतदान कर दिया था। इसके बाद गति बढ़ती गई और भोजनावकाश तक कुल 681 मतदाता अपने मत डाल चुके थे। दोपहर बाद भी अधिवक्ताओं की लंबी कतारें मतदान केंद्र पर देखी गईं, जिससे चुनाव के प्रति अधिवक्ताओं की सक्रियता स्पष्ट नजर आई।
बताया गया कि बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, महामंत्री सहित 22 सदस्यीय कार्यकारिणी के चुनाव के लिए कुल 1595 मतदाता पंजीकृत थे। नामांकन वापसी की प्रक्रिया के बाद संयुक्त मंत्री प्रकाशन पद पर प्रत्याशी नैमिष राज चौहान द्वारा नाम वापस ले लिए जाने से गोविंद दीक्षित का इस पद पर निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया। इसके चलते शेष 21 पदों के लिए मतदान कराया गया।
चुनाव को संपन्न कराने के लिए गठित एल्डर कमेटी के सदस्य इंद्रेश्वर नाथ गुप्ता, गिरीश चंद्र मिश्रा एवं दिग्विजय सिंह ने बताया कि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से कराया गया। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई और सभी प्रत्याशियों व मतदाताओं ने नियमों का पालन किया।
एल्डर कमेटी ने जानकारी दी कि मतगणना शुक्रवार को प्रातः 8 बजे से शुरू की जाएगी और अंतिम परिणाम घोषित होने तक प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी। चुनाव परिणाम को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह बना हुआ है।