गौरहरी में आयोजित हुई क्लस्टर स्तरीय समन्वय बैठक, 43 प्रतिभागियों ने लिया भाग

चरखारी (महोबा)।

ग्राम पंचायत गौरहरी, ब्लॉक चरखारी में दिनांक 23 दिसंबर 2025 को क्लस्टर स्तरीय समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के बीच आपसी समन्वय को मजबूत करना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के वांछित एवं पात्र वर्ग तक पहुँचाना रहा।

बैठक का शुभारंभ ग्राम प्रधान खलक सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने जन साहस संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विभागीय समन्वय से ही योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव है।

बैठक में जन साहस संस्था के जिला समन्वयक आदित्य कुमार ने संस्था एवं MRC कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्रवासी श्रमिकों के अधिकार संरक्षण पर प्रकाश डाला। वहीं JSF कमलेश कुमार ने फील्ड स्तर पर संचालित गतिविधियों की प्रगति साझा की।

जनसाथी अमरकांत एवं चंद्रशेखर ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर फील्ड ऑफिसर ममता ने मानव तस्करी, जबरन मजदूरी, महिला सशक्तिकरण, बाल श्रम एवं यौन उत्पीड़न जैसे संवेदनशील विषयों पर चर्चा करते हुए संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की।

बैठक में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, मानव तस्करी एवं जबरन मजदूरी की रोकथाम, महिला एवं बाल अधिकारों की सुरक्षा, NRLM के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने तथा MRC कार्यक्रम के तहत प्रवासी श्रमिकों को सेवाओं से जोड़ने पर विशेष चर्चा की गई।

इस बैठक में पंचायत सहायक, पत्रकार, समूह सखी, आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, समाजसेवी एवं पंचायत स्तर के कर्मचारियों सहित कुल 43 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

बैठक के अंत में सभी प्रतिभागियों ने संयुक्त रूप से यह संकल्प लिया कि आपसी समन्वय के माध्यम से योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाया जाएगा तथा सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम हेतु नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।