हरदोई में BJP की SIR समीक्षा बैठक सम्पन्न, संगठन मजबूत करने की बनी रूपरेखा, जिले को राज्य में मजबूत स्थान दिलाने का संकल्प दोहराया

हरदोई। जिला भाजपा कार्यालय पर S.I.R. (स्ट्रेंथ, इंफॉर्मेशन, रिस्पांसिबिलिटी) अभियान की समीक्षा एवं कार्य-योजना बैठक जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, आगामी अभियानों की रणनीति तथा बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष त्र्यंबक त्रिपाठी तथा जिला प्रवासी एवं पूर्व जिला अध्यक्ष सीतापुर अचिन मेहरोत्रा शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कहा कि S.I.R. अभियान का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता मिशन मोड में कार्य करे और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने जिले को संगठनात्मक रूप से राज्य में मजबूत स्थान दिलाने का संकल्प दोहराया।
मुख्य अतिथि त्र्यंबक त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। S.I.R. जैसे अभियान संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं। उन्होंने सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि जनता तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पहुँचे, यही अभियान का लक्ष्य है। उन्होंने बूथ स्तर पर बीएलए-2 और बूथ अध्यक्षों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में जिला प्रवासी अचिन मेहरोत्रा ने कहा कि भाजपा संगठन सेवा और समर्पण की भावना से संचालित होता है। आने वाले महीनों में पार्टी विभिन्न जनसंपर्क और सामाजिक अभियानों को तेजी से आगे बढ़ाने वाली है, जिसमें कार्यकर्ताओं की सक्रियता अहम होगी।
बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष एवं अभियान प्रभारी संदीप सिंह ने किया। कार्यक्रम में विधानसभावार नियुक्त प्रवासी, जिला पदाधिकारी एवं प्रमुख कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।