जोधपुर मंडल ट्रेनों में बिना टिकट और अनियमित यात्रा के 21 हजार मामलों से एक करोड़ जुर्माना वसूला

ट्रेनों में बिना टिकट और अनियमित यात्रा के 21 हजार मामलों से एक करोड़ जुर्माना वसूला

बिना टिकट यात्रियों पर रेलवे ने कसा शिकंजा

निरंतर जारी रहेगा सघन टिकट जांच अभियान

निर्धारित लक्ष्य से 16.97 प्रतिशत अधिक राजस्व

पिछले वर्ष की तुलना में नवंबर में 4 हजार बिना टिकट यात्री ज्यादा पकड़े,आय भी 31 लाख रुपए बढ़ी

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने बिना टिकट यात्रा को हतोत्साहित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सघन टिकट जांच अभियान के दौरान बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा के पकड़े गए लगभग 21 हजार मामलों से एक करोड़ रुपए से भी ज्यादा जुर्माना वसूलने में कामयाबी हासिल की है।

नवंबर में मंडल के टिकट जांच स्टाफ ने कुल 20 हजार 836 यात्रियों को बिना या अनियमित टिकट पर यात्रा करते हुए पकड़ा और उनसे 1 करोड़ छह लाख 63 हजार रुपए का राजस्व वसूला, जो माह के निर्धारित लक्ष्य 91 लाख 16 हजार रुपए की तुलना में 15 लाख 47 हजार रुपए(16.97 प्रतिशत) अधिक है।

मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के नेतृत्व में जोधपुर मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं ट्रेनों में चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों में टिकट खरीदने की प्रवृत्ति को प्रोत्साहित करना एवं राजस्व संरक्षण सुनिश्चित करना रहा।

गौरतलब है कि अर्जित आय और मामलों में पिछले वर्ष नवंबर माह की तुलना में अधिक रहे। मंडल ने इस बार नवंबर 2024 की तुलना में 4 हजार बिना टिकट यात्री ज्यादा पकड़े जिससे आय भी 31 लाख रुपए बढ़ी।

अभियान के प्रमुख आंकड़े

बिना टिकट यात्रा के 11 हजार 895 मामले, जिनसे 61 लाख 54 हजार 192 रुपए की वसूली।

अनियमित टिकट (रिजर्व कोच में जनरल टिकट) के 8931 मामले, जिनसे 45 लाख रुपए की वसूली।

बिना बुक सामान के भी 10 मामले पकड़े गए

स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर 2210 यात्रियों से 2.40 लाख रुपए वसूले।

धूम्रपान करते पकड़े गए 114 यात्रियों से 22 हजार 900 रुपए का जुर्माना वसूला गया।

अभियान जारी रहेगा

रेलवे प्रशासन ने बताया कि यह सघन टिकट जांच अभियान आगामी दिनों में और अधिक प्रभावी ढंग से जारी रहेगा। साथ ही,यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे यात्रा से पूर्व वैध टिकट अवश्य लें एवं रेलवे के नियमों का पालन करें।