जनसुनवाई व अभियानों में लापरवाही पर कोतवाली देहात प्रभारी लाइन हाजिर, हरदोई में अन्य को भी लापरवाही न बरतने की हिदायत, एसपी की कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप

हरदोई। जिले में चल रहे NBW/वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, विवेचना निस्तारण, अपहर्ताओं एवं गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी जैसे महत्वपूर्ण अभियानों में लापरवाही बरतने तथा जनसुनवाई में शिथिलता के चलते पुलिस अधीक्षक हरदोई अशोक कुमार मीणा ने कड़ा कदम उठाया है। 24 नवंबर 2025 को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात विनोद कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन स्थानांतरित कर दिया गया। एसपी की इस कार्रवाई के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है।
बताया जा रहा है कि लगातार अभियानों को लेकर सख्त निर्देशों के बावजूद कोतवाली देहात क्षेत्र में अपेक्षित प्रगति नहीं हो रही थी। जनसुनवाई में भी शिकायतों के समाधान में लापरवाही देखने को मिली। इसी के मद्देनज़र एसपी ने यह कठोर कार्रवाई की है।
गौरतलब है कि इससे ठीक एक दिन पहले, 23 नवंबर को पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने जिलाधिकारी अनुनय झा के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। ऐसे में इस कार्रवाई को प्रशासनिक कसावट और जिम्मेदारी तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिसकर्मियों में चर्चा है कि यह कार्रवाई संदेश देती है कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अपने कर्तव्यों के प्रति पूर्ण गंभीरता रखें। कहा गया है कि किसी भी प्रकार की उदासीनता, शिथिलता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। एसपी की सख्ती के बाद अब विभाग में सतर्कता बढ़ गई है और सभी थानों में अभियानों की गति तेज किए जाने के संकेत मिल रहे हैं।