हरदोई में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, आत्मरक्षार्थ फायरिंग में 25 हजार के इनामिया समेत दो घायल, आभूषण-नकदी व असलहे बरामद

हरदोई। अतरौली थाना क्षेत्र में लगातार हुई चोरी की दो बड़ी घटनाओं के खुलासे में गुरूवार रात पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 25 हजार रुपये के इनामिया समेत दो वांछित चोर पुलिस मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार कर लिए गए। दोनों के पास से चोरी किए गए आभूषण, नकदी और असलहे बरामद हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 24 अगस्त 2025 को सुशील कुमार पुत्र रामनाथ, निवासी बानपुर ने घर से आभूषण और नकदी चोरी होने की तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद 30 अगस्त को श्रीराम पुत्र गोकरन, निवासी गौढ़ी ने भी इसी तरह घर से आभूषण व नगदी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। दोनों मामलों में अतरौली थाने में बीएनएस के तहत दो मुकदमे दर्ज हुए।
चोरी की घटनाओं के शीघ्र अनावरण के लिए पुलिस अधीक्षक हरदोई द्वारा विशेष टीम गठित की गई और मुख्य आरोपी रामजी पुत्र पप्पू, निवासी कुरसंडा, थाना कमलापुर, सीतापुर पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
अतरौली पुलिस को सूचना मिली कि वांछित चोर ढुक्कनी क्षेत्र में नई वारदात की फिराक में घूम रहे हैं। चेकिंग के दौरान टेरी पुलिया के पास एक बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगा और अनियंत्रित होकर गिर पड़ा। पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी रामजी पुत्र पप्पू दाहिने पैर व विजय पुत्र बुद्धा, निवासी मटरवा, तंबौर बाएं पैर में गोली लगने से घायल होकर पकड़े गए।
उनके पास से 15,170 रुपये नकद, चोरी के आभूषण, 315 बोर के दो तमंचे, जिंदा व खोखे कारतूस बरामद हुए। मुठभेड़ में हेड कांस्टेबल उदयवीर भी घायल हुए।
पूछताछ में दोनों ने 1 अगस्त 2025 को संडीला क्षेत्र में दो और घरों में चोरी करने की बात स्वीकार की है।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि दोनों आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।