हरदोई में बारातियों से भरी तेज रफ़्तार बस टावर से टकराई, 16 घायल, चार की हालत गंभीर

हरदोई। जिले में मंगलवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें बारातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे टावर से जा भिड़ी। हादसे में 16 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र के कटरा-बिल्हौर मार्ग स्थित बरसोहिया गांव के पास की है।
जानकारी के अनुसार, फर्रुखाबाद जिले के कमालगंज थाना क्षेत्र के देवरान गढ़िया गांव से विनोद कुशवाहा के पुत्र पुष्पेंद्र की बारात सूरापुर गांव जा रही थी। रात करीब 9 बजे जैसे ही बस बरसोहिया गांव के पास पहुँची, अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार बस सीधे सड़क किनारे स्थापित टावर से टकरा गई। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि बस के अंदर चीख-पुकार मच गई और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
हादसे में घायल हुए बारातियों में शिवम (27), राज बहादुर शर्मा (62), सुशील (21), बबलू (30), आनंद (16), विमलेश (15), पंकज (20), राम सिंह (60), रामलाल (60), रामवीर (30), केशव (17), नीलू (30) और कृष्णानंद (65) शामिल हैं। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुँचकर घायलों को दो एंबुलेंस से सीएचसी हरपालपुर भिजवाया।
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने शिवम, सुशील, कृष्णानंद और राजबहादुर की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर कर दिया।
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। सूचना पर पहुँची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।