बीती रात गोलियों की तड़तड़ाहत से रात्रि में सन्नाटा  

आलापुर (अंबेडकरनगर) | थाना क्षेत्र राजेसुल्तानपुर अंतर्गत ग्राम जगदीशपुर कादीपुर में बीती मध्य रात गोलियों की तड़तड़ाहट से रात्रि का सन्नाटा टूटा तो पारिवारिक विवाद का खौफनाक मंजर सामने आया और बेटे ने पिता और चाचा को ताबड़तोड़ फायरिंग कर दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। मालूम हो रात्रि लगभग दो बजे एक युवक ने अपने पिता और चाचा पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।घायल राम नरायन मौर्य पुत्र स्व. प्रहलाद मौर्य निवासी ग्राम जगदीशपुर कादीपुर ने थानाध्यक्ष राजेसुल्तानपुर को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वे मुंबई में रहकर काम करते हैं और पांच दिन पहले ही घर आए थे उनका अपनी पत्नी कंचन और बेटे प्रिंस मौर्य से विवाद चल रहा है। पत्नी और बेटा मायके ग्राम अम्मरपुर थाना बेवाना में रहते हैं। रामनरायन ने बताया कि बीती रात वह अपने भाई ओमनरायन मौर्य के साथ घर के बरामदे में सो रहे थे उसी दौरान रात लगभग 2 बजे उन पर गोली चलाई गई। गोली लगने के बाद जब वे उठे तो बल्ब की रोशनी में देखा कि उनका बेटा प्रिंस मौर्य फायरिंग कर रहा है जिसमें चार गोली मुझे लगी और भाई को दो गोली मारकर भागता हुआ नजर आया।घटना के बाद पड़ोसियों की मदद से एम्बुलेंस बुलाई गई, दोनों घायलों को जहांगीरगंज अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रिफर कर दिया। दोनों घायल भाईयो का इलाज वर्तमान में मेडिकल कॉलेज लखनऊ में चल रहा है। थानाध्यक्ष अक्षय कुमार पटेल ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच कर छानबीन में जुटी हुई है और मामला दर्ज कर आरोपी पुत्र की तलाश में जुटी है। बताया जा रहा है कि ओम नरायन एवं राम नरायन दोनों ने दो शादियां की थी और दोनों ने अपनी अपनी पत्नी और बच्चों को छोड़ दिया है।