थाना गैंडास बुजुर्ग में मिशन-शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को दी गई सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता की जानकारी

उतरौला (बलरामपुर)महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के उद्देश्य से संचालित मिशन-शक्ति अभियान के अंतर्गत थाना गैंडास बुजुर्ग, जनपद बलरामपुर की पुलिस टीम ने सोमवार को विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान महिलाओं और बच्चियों को अपराध से बचाव, साइबर सुरक्षा और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय और क्षेत्राधिकारी श्री राघवेन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण में आयोजित हुआ। अभियान का नेतृत्व थाना अध्यक्ष राजीव कुमार मिश्रा ने किया। एंटी रोमियो टीम एवं मिशन-शक्ति टीम के प्रभारी उप निरीक्षक शुभम कुमार यादव, कांस्टेबल सतेंद्र कुमार, कांस्टेबल अनिल कुमार, महिला आरक्षी सुप्रिया सिंह और महिला आरक्षी गरिमा सिंह ने गांव-गांव जाकर महिलाओं और किशोरियों को सुरक्षा और जागरूकता से जुड़ी जानकारी दी।कार्यक्रम के दौरान टीम ने महिलाओं को बताया कि समाज में बढ़ते महिला अपराध, घरेलू हिंसा और लैंगिक उत्पीड़न जैसी घटनाओं से निपटने के लिए कानून क्या-क्या अधिकार प्रदान करता है। साथ ही महिलाओं को स्वयं की सुरक्षा के प्रति सजग रहने और किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के दौरान विशेष रूप से साइबर अपराधों पर भी जागरूकता दी गई। टीम ने बताया कि आज के डिजिटल युग में OTP शेयरिंग, लकी ड्रा फ्रॉड कॉल, स्मार्ट एडिटिंग वीडियो कॉल, बैंकिंग फ्रॉड और पेंशन धोखाधड़ी जैसी घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। इनसे बचने के लिए किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने, व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने और संदिग्ध कॉल या संदेशों से सतर्क रहने की सलाह दी गई।महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरोंमहिला हेल्पलाइन ? 1090, यूपी इमरजेंसी सेवा ? 112, एंबुलेंस सेवा ? 102/108,महिला सहायता नंबर ? 181, साइबर हेल्पलाइन ? 1930 / 155260, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन ? 1076 की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त, टीम ने महिलाओं को मादक पदार्थों के सेवन के दुष्परिणामों, यातायात नियमों के पालन, तथा बाल विवाह और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूक किया। बताया गया कि इन कुरीतियों के खिलाफ समाज को मिलकर आवाज उठाने की आवश्यकता है, तभी महिलाओं को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण मिल सकता है। थाना गैंडास बुजुर्ग की इस पहल की सराहना स्थानीय नागरिकों ने की। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक साबित होते हैं। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारों के दौरान इस तरह के जन-जागरूकता अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित हो सके।