मध्य रेल, मुंबई मंडल में “सतर्कता : हमारी साझा जिम्मेदारी” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन

मध्य रेल, मुंबई मंडल में सतर्कता : हमारी साझा जिम्मेदारी विषय पर संगोष्ठी का आयोजन

सतर्कता जागरूकता अभियान-2025 समस्त भारतीय रेल में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में मध्य रेल के मुंबई मंडल द्वारा मध्य रेल सतर्कता विभाग, मुंबई के सहयोग से सतर्कता: हमारी साझा जिम्मेदारी विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन 9 अक्टूबर 2025 को किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी, मध्य रेल नीरज कुमार दोहरे ने व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक ईमानदारी बनाए रखने, नियमों का पालन करने तथा पारदर्शिता के प्रति प्रतिबद्ध रहने के महत्व पर बल दिया। उन्होंने प्रतिभागियों को रेलवे के विभिन्न नियमों, कोडों एवं पारदर्शी कार्य पद्धतियों के बारे में मार्गदर्शन दिया, जो दैनिक कार्यप्रणाली में सतर्कता सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।

संगोष्ठी के दौरान उप मुख्य सतर्कता अधिकारियों ने भ्रष्टाचार पर नियंत्रण के विषय में विस्तृत मार्गदर्शन एवं जानकारी दी। उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से यह भी बताया कि अधिकारियों को भ्रष्टाचार मुक्त एवं ईमानदारी आधारित कार्य संस्कृति अपनानी चाहिए। रेलवे के आचार संहिता पर एक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें सही उत्तर देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया । इससे नैतिक मूल्यों को बनाए रखने में ज्ञान और जागरूकता के महत्व को सुदृढ़ किया गया।

इस अवसर पर हीरेश मीणा, मंडल रेल प्रबंधक, मुंबई मंडल;तरुण कुमार, अतिरिक्त मंडल रेल प्रबंधक (अवसंरचना एवं प्रशासन), मुंबई मंडल;मंगीलाल एल. विश्नोई, अपर मंडल रेल प्रबंधक (संचालन एवं सुरक्षा) मुंबई मंडल;प्रदीप एस. पोल, मुख्य सतर्कता अधिकारी (इंजीनियरिंग एवं मेडिकल), मध्य रेल उपस्थित थे. साथ ही सभी सतर्कता अधिकारी तथा परेल, माटुंगा एवं भायखला वर्कशॉप के अधिकारी एवं मुंबई मंडल के सभी शाखा अधिकारी एवं कर्मचारियों ने इसमें सक्रिय रूप से भाग लिया।

संगोष्ठी का समापन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, मुंबई मंडल मनीष सिंह के आभार प्रदर्शन से हुआ, जिन्होंने सतर्कता विभाग के प्रयासों की सराहना की और सभी कर्मचारियों को सतर्कता को सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया।ऐसे आयोजनों के माध्यम से मध्य रेल का मुंबई मंडल पारदर्शी, जवाबदेह एवं भ्रष्टाचार मुक्त रेलवे तंत्र के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः दोहराता है।