मिशन शक्ति 5.0 अभियान, हरदोई में महिलाओं-बालिकाओं को किया गया जागरूक, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं हुई सम्मानित

हरदोई। उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप गांधी भवन हरदोई में मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती पी.के. वर्मा रही। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिनमें महिलाओं की भूमिका और सशक्तिकरण पर विशेष संदेश दिया गया।
सामाजिक, शिक्षा, खेलकूद एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने अपने संबोधन में बालिकाओं और महिलाओं को जागरूक करते हुए कहा कि वे अपनी सुरक्षा और अधिकारों के प्रति सजग रहें।
कार्यक्रम में एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह, एडीएम न्यायिक प्रफुल्ल त्रिपाठी सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। मंच से महिलाओं और बालिकाओं को शासन एवं पुलिस द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, जिनमें प्रमुख हैं।
वूमेन पॉवर लाइन : 1090
महिला हेल्पलाइन : 1813
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन : 1076
पुलिस हेल्पलाइन : 112
चाइल्ड हेल्पलाइन : 1098
स्वास्थ्य सेवा : 102/108
इसके साथ ही कौशल विकास योजना, कन्या सुमंगला योजना, वन स्टॉप सेंटर, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं निराश्रित महिला पेंशन योजना के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उन्हें सुरक्षा और सरकारी योजनाओं से जोड़ना तथा समाज में उनके योगदान को सम्मानित करना रहा।