हरदोई में पीआरवी 112 ने बाइक में मारी टक्कर, प्राइमरी शिक्षक की मौत, बेटी लखनऊ रेफर

हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस की पीआरवी गाड़ी संख्या 2715 ने बाइक सवार शिक्षक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल को जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान नीरज (40) पुत्र रामेश्वर निवासी ग्राम गुलरियापुरवा, मजरा डाभा, थाना साण्डी के रूप में हुई है। नीरज प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक थे। रविवार को वह अपनी बेटी मुस्कान (14) के साथ बाइक हीरो स्पलेण्डर (UP30 BY 0853) से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान सुरसा क्षेत्र में पुलिस की पीआरवी गाड़ी ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में नीरज की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं उनकी बेटी मुस्कान गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने तत्काल घायल को जिला अस्पताल भेजा, जहां से डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया। घायल बच्ची के साथ उपनिरीक्षक रजत त्रिपाठी व कांस्टेबल युवराज सिंह को लखनऊ रवाना किया गया है।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभाला। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।