डीएम अनुनय झा ने किया बावन उर्वरक केंद्र का औचक निरीक्षण, किसानों से ली जमीनी हकीकत की जानकारी, कहा- खाद के लिए किसी को परेशान न किया जाएं

हरदोई। जिलाधिकारी अनुनय झा ने सोमवार को अचानक बावन स्थित उर्वरक वितरण केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद किसानों से बातचीत की और खाद वितरण की वास्तविक स्थिति जानी। किसानों ने अपनी समस्याएं और अनुभव साझा किए, जिन पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने केंद्र पर रखे स्टॉक रजिस्टर और वितरण रजिस्टर का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि केंद्र पर आने वाले सभी किसानों को पारदर्शी और न्यायपूर्ण तरीके से उर्वरक उपलब्ध कराया जाए। किसानों के साथ शिष्ट व्यवहार रखा जाए तथा किसी को भी खाद के लिए परेशान न होना पड़े।
उन्होंने चेतावनी दी कि उर्वरक वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, जिला कृषि अधिकारी को निर्देशित किया कि आसपास के सभी वितरण केंद्रों पर निर्बाध और पर्याप्त मात्रा में उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को समय पर खाद मिल सके और उनकी खेती प्रभावित न हो।
इस मौके पर तहसीलदार सदर सचिन्द्र शुक्ला, जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी के इस निरीक्षण से किसानों में संतोष और अधिकारियों में सजगता का माहौल देखने को मिला।