हरदोई में जिलाधिकारी अनुनय झा ने किया पिहानी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा, राहत कार्यों में तेजी के निर्देश, प्रभावितों से संवाद कर ली व्यवस्था की जानकारी

हरदोई। जनपद में बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी अनुनय झा ने बुधवार को पिहानी क्षेत्र में सई नदी (भैंसटा नाला) की बाढ़ से प्रभावित गांवों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन घरों में खाना पकाने की सुविधा नहीं है, वहां तत्काल फूड पैकेट वितरित किए जाएं।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को डोर-टू-डोर अभियान चलाकर संचारी रोगों से बचाव की दवाएं वितरित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन घरों में पानी घुस गया है, वहां आपदा राहत की धनराशि और राहत किट उपलब्ध कराई जाए।
शरणालयों को आवश्यकतानुसार संचालित करने और शुद्ध पेयजल के लिए क्लोरीन की गोलियां वितरित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ के बाद प्रभावित क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जाए।
पशुपालन विभाग को निर्देश दिए गए कि गौशालाओं में संरक्षित पशुओं की समुचित व्यवस्था की जाए और निजी पशुओं के लिए पशु शरणालय स्थापित किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी धोबिया आश्रम और बाबा मैरिज लॉन स्थित राहत शिविरों में भी पहुंचे और बाढ़ पीड़ितों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
बाढ़ प्रभावितों ने बताया कि प्रशासन द्वारा भोजन, आवास और अन्य सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। जिलाधिकारी ने राहत शिविर में कूलर लगाने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर सुशील कुमार मिश्रा, उप जिलाधिकारी शाहाबाद अंकित तिवारी, तहसीलदार सचिंद्र कुमार शुक्ला समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।