Chandauli News:जिले की एसडीएम दिव्या ओझा ने फिर लहराया परचम,सदर तहसील पहुंची पहले स्थान पर, मुल्यांकन रिपोर्ट में चकिया व सकलडीहा संयुक्त दूसरे और मुगलसराय खिसका चौथे पायदान पर

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय�

चंदौली। जुलाई 2025 की तहसील स्तरीय प्रशासनिक कार्यों की मूल्यांकन रिपोर्ट में उप जिलाधिकारी दिव्या ओझा के नेतृत्व में सदर तहसील (चंदौली) ने एक बार फिर श्रेष्ठता का परचम लहराते हुए जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यही नहीं, सदर तहसील ने पूरे प्रदेश में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 99% अंकों के साथ 21वीं रैंक प्राप्त की है, जो जिले के प्रशासनिक क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

एसडीएम दिव्या ओझा के कार्य कुशलता, समयबद्ध समाधान और जनहित में त्वरित कार्रवाई के कारण सदर तहसील लगातार जिले की अग्रणी इकाई बनी हुई है। लगातार दूसरे महीने इस प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया है कि मजबूत नेतृत्व और ज़मीनी स्तर पर मेहनत का परिणाम हमेशा सकारात्मक होता है।दिव्या ओझा के नेतृत्व में सदर तहसील एक बार फिर अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से उदाहरण पेश कर रही है। वहीं कुछ तहसीलों को अभी आत्ममंथन कर सुधार की दिशा में गंभीर प्रयास करने होंगे। यह रिपोर्ट जहां एक ओर उपलब्धि है, वहीं दूसरी ओर एक चेतावनी भी है।

*तहसील चाकिया और सकलडीहा की संयुक्त स्थिति, प्रदेश स्तर पर भी स्थान पक्का*
तहसील चाकिया और सकलडीहा दोनों ने 98-98 अंक प्राप्त कर जनपद स्तर पर संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया है। इन दोनों तहसीलों को राज्य स्तरीय रैंकिंग में 31वां स्थान प्राप्त हुआ है, जो इस बात का संकेत है कि यहाँ भी प्रशासनिक कार्यों को प्राथमिकता के साथ निष्पादित किया जा रहा है।

*मुगलसराय का प्रदर्शन गिरा,चौथे पायदान पर पहुंचा*
एक समय जिले की शीर्ष तहसीलों में गिनी जाने वाली मुगलसराय तहसील इस बार के आंकड़ों में पिछड़ती नजर आई। केवल 86 अंक प्राप्त कर यह तहसील जिले में चौथे स्थान पर आ गई, जबकि प्रदेश स्तर पर इसे 115वीं रैंक प्राप्त हुई है। यह गिरावट विभागीय समीक्षा की मांग करती है।

*नौगढ़ का प्रदर्शन निराशाजनक, 230वीं रैंक पर पहुंचा*
जनपद की नौगढ़ तहसील का प्रदर्शन लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। केवल 70 अंकों के साथ यह तहसील जिले में अंतिम स्थान पर रही। प्रदेश स्तर पर भी इसे 230वीं रैंक मिली, जो दर्शाता है कि यहां प्रशासनिक सुधार की आवश्यकता सर्वाधिक है।

*जनपद में तहसीलों की स्थिति एक नजर में*

क्रम तहसील प्राप्तांक प्रतिशत जिले में स्थान प्रदेश में रैंक

1चंदौली (सदर)99 99.00%प्रथम 21वां
2चाकिया98 98.00% द्वितीय (संयुक्त)31वां
3सकलडीहा98 98.00% द्वितीय (संयुक्त) 31वां
4मुगलसराय86 86.00% चतुर्थ 115वां
5नौगढ़70 70.00% पंचम 230वां


वही चंदौली जनपद में सदर तहसील को अपने कार्य कुशलता और कड़ी मेहनत के बल पर प्रथम स्थान दिलाने वाली एसडीएम दिव्या ओझा ने बातचीत में बताया कि राज्य सरकार द्वारा हर माह जारी की जाने वाली इस रिपोर्ट में तहसीलों के कार्यों को विभिन्न मानकों पर परखा जाता है, जैसे जन शिकायतों का समाधान,राजस्व वसूली की स्थिति,शासकीय योजनाओं का क्रियान्वयन,समयबद्ध कार्य निष्पादन,जन सेवा केंद्रों की गुणवत्ता, इत्यादि इन सभी बिंदुओं पर प्राप्त अंकों के आधार पर रैंकिंग जारी की जाती है।

*एसडीएम दिव्या ओझा की कार्यशैली बनी मिसाल*
सदर तहसील की सफलता का प्रमुख श्रेय एसडीएम दिव्या ओझा को जाता है, जिन्होंने न केवल फील्ड स्तर पर खुद निगरानी की, बल्कि विभागीय तालमेल और जन शिकायतों के समाधान में भी तत्परता दिखाई। उनके नेतृत्व में तहसील की कार्य प्रणाली में पारदर्शिता, प्रभावशीलता और जवाबदेही देखने को मिल रही है।

*प्रशासनिक हलचल और सुधार की ज़रूरत*
जहाँ सदर, चाकिया और सकलडीहा जैसे तहसीलों की रिपोर्ट संतोषजनक रही, वहीं मुगलसराय और नौगढ़ जैसे क्षेत्रों में प्रदर्शन गिरने से प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। सम्भावना है कि इन तहसीलों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा और सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।