जोधपुर रेल मंडल पर 11वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन

जोधपुर रेल मंडल पर 11वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन

मंडल रेल प्रबंधक ने उत्कृष्ट आयोजन हेतु 20 हजार के नगद पुरस्कार की घोषणा की

जोधपुर 11वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जोधपुर रेल मंडल द्वारा शनिवार को रेलवे स्टेडियम में "एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग" थीम पर भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में मंडल के अधिकारियों, रेलकर्मियों व उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

आयोजित योगाभ्यास सत्र का संचालन योग गुरु भूपेंद्र सिंह जोधा, राष्ट्रीय योगासन खिलाड़ी ख्याति पालीवाल एवं नक्षत्रा जोधा द्वारा किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को योग की विभिन्न क्रियाओं का अभ्यास करवाते हुए इसके स्वास्थ्य लाभों से अवगत कराया।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने कार्यक्रम की शुरुआत में सभी को नियमित योग अभ्यास की प्रतिज्ञा दिलाई तथा योग को जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने दैनिक योग का संकल्प लिया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विकास खेड़ा ने बताया कि मंडल के विभिन्न कार्यालयों, रेलवे स्टेशनों, अस्पतालों एवं कार्यस्थलों पर भी योग दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किए गए। सहायक कार्मिक अधिकारी नरेंद्र सिंह सिवासिया ने इस आयोजन को सफल बनाने में विशेष योगदान दिया।

20 हजार नगद पुरस्कार की घोषणा

योग दिवस के अवसर पर कार्यक्रम की सफलता और उत्कृष्ट आयोजन के लिए मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने जोधपुर मंडल की आयोजन टीम को 20 हजार नगद पुरस्कार प्रदान करने की घोषणा की।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सीताराम बुनकर, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी, अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण, रेलकर्मी व उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।