जम्मू रेल मंडल में मनाया गया योग दिवसः रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

जम्मू रेल मंडल में मनाया गया योग दिवसः रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में शनिवार को योगाभ्यास शिविर का आयोजन किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम ?एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग" रही, जिसके तहत स्वास्थ्य, पर्यावरण और मानसिक शांति के बीच संतुलन का संदेश दिया गया।

योग दिवस का आयोजन

ग्यारहवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर संस्थान परिसर में सुबह 6:15 बजे से ही अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं का जुटान शुरू हो गया था। 6:30 बजे से योगाभ्यास का औपचारिक शुभारंभ हुआ, जिसमें प्राणायाम, ध्यान और विभिन्न योगासन किए गए। योगाचार्य सुश्री वंदना बरनवाल ने सत्र की शुरुआत में योग के लाभों और जीवन में इसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।

इस मौके पर संस्थान के मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार ने स्वयं योग सत्र में भाग लिया और सभी अधिकारियों, स्टाफ तथा प्रशिक्षणार्थियों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि, "रेलवे कर्मचारियों को निरंतर कार्य और अनियमित दिनचर्या के कारण मानसिक और शारीरिक दबाव का सामना करना पड़ता है। योग और प्राणायाम उन्हें संतुलित रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।"

उन्होंने योग को जीवनशैली में शामिल करने का आह्वान करते हुए कहा, "योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक जीवन पद्धति है जो अनुशासन, धैर्य और मानसिक शांति सिखाती है।"

सभी स्तरों के कर्मचारियों ने लिया भाग

इस योग शिविर में जम्मू मंडल के संकाय सदस्य, मंडल रेल प्रबंधक के साथ सभी रेलवे अधिकारी व कर्मचारी के साथ अन्य स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने पूरे मनोयोग से योगाभ्यास किया और इसे नियमित जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।