उत्तर मध्य रेलवे ने हरित संकल्प के साथ मनाया विश्व पर्यावरण दिवस

उत्तर मध्य रेलवे ने हरित संकल्प के साथ मनाया विश्व पर्यावरण दिवस

रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार उत्तर मध्य रेलवे में विश्व पर्यावरण दिवस पखवाड़े का आयोजन 22 मई से 5 जून तक किया गया। इस पखवाड़े के अंतर्गत समस्त मंडलों, स्टेशनों, कारखानों, कॉलोनियों तथा डिपो आदि स्थानों पर विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियां एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

मुख्य कार्यक्रम का आयोजन महाप्रबंधक उपेन्द्र चन्द्र जोशी की अध्यक्षता में और प्रमुख मुख्य यांत्रिक अभियंता अनिमेष कुमार सिन्हा के निर्देशन में संपन्न हुआ। सुबह 11 बजे, सभी विभागाध्यक्षों ने रेलवे बोर्ड द्वारा आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 'हरित शपथ' ली। अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी ऑनलाइन माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

सायंकालीन सत्र में स्पंदन क्लब में स्काउट एवं गाइड के बच्चों द्वारा प्रस्तुत पृथ्वी माता और प्रदूषण पर आधारित एक सार्थक नुक्कड़ नाटक ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इसके पश्चात महाप्रबंधक महोदय ने वर्ष 2024-25 के दौरान उत्तर मध्य रेलवे की पर्यावरणीय उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई, तत्पश्चात प्रमुख मुख्य यांत्रिक अभियंता अनिमेष कुमार सिन्हा ने पखवाड़े के दौरान यांत्रिक विभाग की उपलब्धियों, ग्रीन हाउस गैसों के दुष्प्रभाव तथा पर्यावरणीय प्रयासों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्वयं की लिखी एक पर्यावरण विषयक कविता भी प्रस्तुत की।

इस अवसर पर अनिमेष कुमार सिन्हा ने पखवाड़े के दौरान यांत्रिक विभाग की गतिविधियों, ग्रीनहाउस गैसों के दुष्परिणामों और पर्यावरणीय संरक्षण के प्रयासों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पर्यावरण पर आधारित एक प्रेरणादायक कविता का पाठ भी किया।

अंत में महाप्रबंधक महोदय के द्वारा पर्यावरण से संबन्धित गंभीर विषयो के बारे में बताया, वृक्षारोपण के देखभाल के बारे में भी सूचनाएं दी तथा प्रदूषण को कम करने की अपील भी की । उन्होंने स्काउट-गाइड संगठन एवं पर्यावरण एवं गृहव्यवस्था प्रबंधन विभाग को उनके उत्कृष्ट योगदान हेतु रु 50,000 के पुरस्कार की घोषणा भी की।

इस अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा चेतना जोशी,ज्योति सिन्हा ,ऋचा वर्मा आदि संगठन की पदाधिकारियों एवं सदस्याओं के साथ इस कार्यक्रम में उपस्थित रही। अपर महाप्रबंधक जे एस लाकरा, प्रमुख मुख्य बिजली इंजीनियर यतेंद्र कुमार, प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक एस एस चन्द्रायन, प्रधान मुख्य सामग्री प्रबंधक एस पी द्विवेदी, प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक ब्रिजेन्द्र कुमार, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त रेनू पुष्कर, प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी जे एस सी बोरा, मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।

कार्यक्रम का समुचित संचालन मुख्य पर्यावरण एवं गृह व्यवस्था प्रबंधक शिवाजी कदम के नेतृत्व में पर्यावरण एवं गृहव्यवस्था प्रबंधन, इंजीनियरिंग एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा सफलतापूर्वक किया गया।

दिनांक 5 जून को भी सभी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर स्थानीय प्रजातियों जैसे - आम, नीम, पीपल, आंवला, शरीफा, कटहल व कनेर - के वृक्षों का हाइब्रिड मियावाकी एवं क्लस्टर पद्धति से पौधारोपण किया गया। कई स्थानों पर पौधों की सुरक्षा हेतु फेंसिंग और ड्रिप सिंचाई व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।