सितंबर से दौड़ेगी जम्मू-श्रीनगर के लिए सीधी ट्रेन', रेल मंत्री ने PM मोदी के दौरे का लिया जायजा

सितंबर से दौड़ेगी जम्मू-श्रीनगर के लिए सीधी ट्रेन', रेल मंत्री ने PM मोदी के दौरे का लिया जायजा

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि जम्मू से श्रीनगर तक सीधी रेल सेवा सितंबर से शुरू होगी। जम्मू रेलवे स्टेशन पर नए प्लेटफॉर्म बनने के बाद यह संभव होगा। कन्याकुमारी से कश्मीर तक की रेल परियोजना में मोदी सरकार की इच्छाशक्ति महत्वपूर्ण है। चिनाब पुल इंजीनियरिंग का बेजोड़ नमूना है और कश्मीर से चेरी भेजने का ट्रायल सफल रहा है।

  • सितंबर से शुरू होगी जम्मू-श्रीनगर रेल सेवा |
  • रेल मंत्री ने दी महत्वपूर्ण जानकारी |
  • चिनाब पुल इंजीनियरिंग का बेजोड़ नमूना |

जम्मू। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि जम्मू से श्रीनगर तक सीधा रेल सफर सितंबर महीने से शुरू हो जाएगा। रेल मंत्री ने कहा कि जम्मू रेलवे स्टेशन पर नए प्लेटफॉर्म बनाने का काम पूरा होने के साथ ही सीधे जम्मू से श्रीनगर के लिए रेलगाड़ी चलेगी।

रेल मंत्री ने कहा कि कन्याकुमारी से कश्मीर तक ऐतिहासिक रेल परियोजना को संभव कर दिखाने में मोदी सरकार की राजनीतिक इच्छा शक्ति सबसे अहम है। प्रधानमंत्री का शुक्रवार को कश्मीर तक रेल के उद्घाटन का दिन ऐतिहासिक होगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ यह काम हाथ में लेकर तकनीकी विशेषज्ञों को मार्ग दर्शन व सहयोग देते हुए पूरा कर दिखाया है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि देश में वर्ष 2004 से 2014 तक समतल इलाकों में काम हुए लेकिन मुश्किल इलाकों में विकास को नजर अंदाज किया गया।

जम्मू से श्रीनगर पहुंचना होगा संभव

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दौरे से ठीक पहले श्री माता वैष्णा देवी के आधार शिविर कटड़ा पहु़ंचे रेलमंत्री ने कहा कि सितंबर में जम्मू रेलवे स्टेशन के पुनर्निमाण का कार्य पूरा हो जाएगा। वहां पर 4, 5 व प्लेटफार्म नंबर 6 बनने के साथ ही श्रीनगर के लिए सीधे सफर का आगाज होगा।

रेलमंत्री ने कहा कि कश्मीर तक रेल में सफर करना बहुत सुखद अनुभव होगा। टनल के अंदर सफर का अनुभव बहुत अच्छा रहेगा। रेलमंत्री ने कहा कि जम्मू व श्रीनगर शहर आपस में और भी अच्छी तरह से जुड़ जाएंगे। तीन या साढ़े घंटे में जम्मू से श्रीनगर पहुंचना संभव होगा। रेल यात्रा की सुरक्षा के लिए भी पूरे प्रबंध किए गए हैं।

चिनाब का पुल इंजीनिरिंग का बेजोड़ नमूना

उन्होंने बताया कि कटड़ा से बनिहाल के 111 किलोमीटर रेल ट्रैक पर 97 टनल है। इन्हें बनाने के लिए नई जियो तकनीक इस्तेमाल की गई है। टनल बनाने में हिमलायन टनलिंग पद्धिति का नया तरीका इस्तेमाल किय गया, जिसमें कई तकनीकी नवाचार किए गए।

यह देश के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। कटड़ा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि चिनाब का पुल इंजीनिरिंग का बेजोड़ नमूना है। इसे बनाने में कई प्रकार की चुनौतियां आईं। इनका सामना किया गया। यह पुल 260 किलोमीटर प्रति घंटे गति की हवा के साथ भूकंप का भी सामना कर सकता है।

इसका फाउंडेशन आधे फुटबॉल ग्राउंड के बराबर है जिसमें तीस हजार टन स्टील लगा है। यह दुनिया का सबसे उंचा आर्च पुल है।

कश्मीर से रेलगाड़ी में चैरी भेजने का ट्रायल कामयाब

वहीं अंजी नाला पुल भी बहुत महत्वपूर्ण केबल ब्रिज है। हाईवे पर तो केबल ब्रिज बनते हैं लेकिन पहली बार रेल के लिए केबल ब्रिज बनाया गया जो चार हजार टन की रेलगाड़ी का भार भी उठाएगा। इसे स्पेशल डिजाइन से बनाया गया है।

उन्होंनें बताया कि कश्मीर तक सीधी रेलगाड़ी से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी लाभ होगा। उन्होंने बताया कि कश्मीर से रेलगाड़ी में चैरी भेजने का ट्रायल कामयाब रहा है। रेलमंत्री ने कटड़ा में भाजपा नेताओं के साथ प्रधानमंत्री के वंदे भारत एक्सप्रेस को झंडी दिखाने के कार्यक्रम को कामयाबी बनाने की तैयारियों का निरीक्षण किया।

कटड़ा पहुंचने पर उनका स्वागत प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सत शर्मा का जम्मू के सांसद जुगल किशोर शर्मा ने किया। इस दौरान रेलमंत्री ने तैयारियों को लेकर प्रशासन के अधिकारियों व भाजपा नेताओं के साथ बैठकें भी की।

रेलमंत्री के वीरवार सुबह जम्मू पहुचंने पर भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया था। इससे बाद रेलमंत्री ने जम्मू रेलवे स्टेशन का दौरा कर वहां चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया था।

वह जम्मू रेलवे स्टेशन से कटड़ा तक रेलगाड़ी में पहुंचे। भाजपा नेताओं ने इस समय कटड़ा में डेरा डाल रखा है। दौरे की तैयारियों का जायजा लेने के लिए वीरवार को प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्यमंत्री जितेन्द्र सिंह भी कटड़ा पहुंचे।