हरदोई में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, आधी रात मंदिरों में गूंजे जयकारे

हरदोई। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर जिलेभर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। कस्बा बावन सहित शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में विशेष सजावट, आकर्षक झांकियों, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आधी रात भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ मंदिरों में जयकारे गूंज उठे।
कस्बा बावन के प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। ब्रह्मदेव बाबा जगदीशपुर और बाबा आदिनाथ मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। सदर बाजार स्थित बाबा विश्वनाथ मंदिर में देर रात तक भक्तों की भारी भीड़ जुटी रही। कुसुमा देवी मंदिर में भी पूजा-अर्चना के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा।
थाना लोनार परिसर में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। पुलिसकर्मियों ने धार्मिक आयोजन में सहभागिता की। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार विपुल मिश्र, पूर्व प्रधान नाजिम खान, रावेंद्र सक्सेना, गौरव त्रिवेदी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिरों में दर्शन-पूजन किया।
मोहल्ला वीरम पट्टी में प्रवीण मिश्रा ?लालू? के यहां स्थित मंदिर में प्रसिद्ध भजन गायक निर्भय गिरी जी महाराज ने भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक भक्तिरस में डूबे रहे। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
इसी तरह पुलिस लाइन हरदोई समेत जिले के सभी थानों, मंदिरों, प्रमुख स्थानों और घरों में जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। जगह-जगह सजी झांकियों और ?जय श्रीकृष्ण? के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।