हरदोई में दधि उत्सव में ‘डिंपल यादव जीत गईं’ गाना बजाने पर विवाद, जमकर चले लाठी-डंडे, 45 पर FIR

हरदोई। अतरौली थाना क्षेत्र के रेहरियामऊ गांव में दधि उत्सव के दौरान राजनीतिक गाना बजाने को लेकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। आरोप है कि लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया, जिसमें कई लोग घायल हुए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांच नामजद और 40 अज्ञात लोगों समेत कुल 45 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
रेहरियामऊ निवासी देशराज के मुताबिक, 10 सितंबर की रात गांव में जगदीश यादव के यहां दधि उत्सव का आयोजन किया गया था। वह रंजीत, सचिन और अरुण के साथ कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम में चार महिलाएं नृत्य कर रही थी। आरोप है कि इस दौरान ?मैनपुरी ने साथ निभाया, डिंपल यादव जीत गईं? गाना बार-बार बजाया जा रहा था। देशराज ने कृष्ण भगवान से संबंधित गाना बजाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
देशराज का आरोप है कि राजू यादव, दुर्गेश यादव, विवेक यादव, सचिन यादव और रीतेश यादव ने जातिसूचक गालियां देते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने कहा कि कार्यक्रम के आयोजक की इच्छा के अनुसार ही गाने बजेंगे।
इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि राजेश, प्रेम, अनुज, गोलू, राजेंद्र, जोगिंदर, आशीष और रंजीत की मां ऊषा समेत अन्य परिजनों को भी दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। महिलाओं और बच्चों के साथ भी मारपीट का आरोप है। घायल रंजीत और अरुण का उपचार कराया गया।
प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर पांच नामजद और 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।