हरदोई में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन, राजस्व शिकायतों में लापरवाही पर डीएम सख्त, अनुपस्थित अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश

हरदोई। तहसील बिलग्राम में जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतें और समस्याएं गंभीरता से सुनी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि लेखपाल, कानूनगो अथवा तहसीलदार स्तर पर शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाई गई तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि राजस्व से जुड़े मामलों में अधिकारी मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करें और शिकायतकर्ता को संतुष्ट करते हुए समस्या का गुणवत्तापूर्ण समाधान कराएं।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में अनुपस्थित अधिकारियों के प्रति भी जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अनुपस्थित अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लें और निर्धारित समयसीमा के भीतर उनका निस्तारण करें।
इस दौरान पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने सुना। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। एसपी ने भी स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी बिलग्राम नहने राम, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।