हरदोई में जमीन के बैनामे को लेकर पति-पत्नी में विवाद, लाइसेंसी राइफल से पत्नी को गोली मारी, गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर

हरदोई। शाहाबाद थाना क्षेत्र के मिश्रीपुर गांव में जमीन के बैनामे को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि पति ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी लाइसेंसी राइफल से पत्नी को गोली मार दी। गोली पेट में लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। घायल महिला को उपचार के लिए सीएचसी शाहाबाद ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल हरदोई रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, घायल महिला की पहचान दुर्गावती पत्नी दुर्गाप्रसाद, उम्र करीब 45 वर्ष, निवासी मिश्रीपुर, थाना शाहाबाद के रूप में हुई है। गुरुवार को घटना की सूचना मिलने पर शाहाबाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी शस्त्र तथा विवाद के कारणों के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच जमीन के बैनामे को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई और आरोप है कि दुर्गाप्रसाद ने लाइसेंसी राइफल से पत्नी को गोली मार दी। गोली लगने के बाद महिला लहूलुहान होकर गिर पड़ी। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे।
अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी शाहाबाद आलोक राज नारायण ने बताया कि 3 सितंबर 2026 को शाहाबाद थाने पर महिला को उसके पति द्वारा घरेलू विवाद के चलते लाइसेंसी शस्त्र से गोली मारकर घायल किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने घायल को सीएचसी पहुंचाया, जहां से बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।