हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर रेलिंग तोड़कर खाई में गिरी स्लीपर बस, 140 से अधिक यात्री थे सवार, कोई हताहत नहीं

हरदोई। गंगा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए दोनों लेन के बीच बनी खाई में जा गिरी। हादसे के समय बस में 140 से अधिक यात्री सवार थे। बस के खाई में गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, स्लीपर बस हरियाणा के पानीपत से मजदूरों को लेकर बिहार जा रही थी। हरदोई में मल्लिकपुर गांव के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर पहुंचते ही चालक का बस से नियंत्रण बिगड़ गया। तेज रफ्तार बस एक्सप्रेसवे की रेलिंग तोड़ती हुई दोनों लेन के बीच बनी खाई में जा गिरी। अचानक हुए हादसे से बस में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई। यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर राहत की सांस ली।
हादसे की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, यूपीआईडीए की टीम के घटनास्थल पर पहुंचने में देरी होने की बात सामने आई। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने पुलिस और यूपीआईडीए कर्मियों पर घटना की फोटो और वीडियो बनाने से रोकने का आरोप लगाया।
बाद में क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद बस को टोल प्लाजा के कंट्रोल रूम ले जाया गया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर यात्री वाहनों की सुरक्षा, बस में यात्रियों की संख्या और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।