हरदोई में अवैध असलहा खरीद-फरोख्त का खुलासा, पांच पिस्टल व मैगजीन समेत तीन गिरफ्तार, 900 रूपये नकदी भी बरामद

हरदोई। पिहानी पुलिस ने अवैध शस्त्रों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। स्वाट, सर्विलांस, एसओजी और थाना पिहानी की संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से पांच पिस्टल .32 बोर, पांच मैगजीन और 900 रुपये नकद बरामद किए हैं। घटना का खुलासा एएसपी लाइन आलोक राज नारायण ने किया।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को अवैध शस्त्रों के निर्माण, बिक्री और परिवहन करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पिहानी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एफसीआई गोदाम के पीछे तीन व्यक्ति अवैध शस्त्र बेचने और खरीदने की फिराक में हैं।
सूचना पर संयुक्त पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में पांच पिस्टल .32 बोर, पांच मैगजीन और 900 रुपये नकद बरामद हुए। मामले में थाना पिहानी में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. रियासत पुत्र वसीर अली निवासी ग्राम मोहिसिनपुरवा थाना पिहानी, हरदोई, रवि कुमार पुत्र जयप्रकाश निवासी ग्राम हातमपुर शेख थाना चांदपुर, बिजनौर और मोबीन पुत्र इरशाद निवासी ग्राम गढ़ी थाना टड़ियावां, हरदोई के रूप में हुई है।
एएसपी आलोक राज नारायण ने बताया कि पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपी रवि कुमार मध्यप्रदेश से कम दामों पर अवैध शस्त्र खरीदकर उन्हें महंगे दामों पर बेचता था। रवि कुमार के खिलाफ पहले से 10 मुकदमे दर्ज हैं। रवि और मोबीन हिमाचल प्रदेश की एक दवा फैक्ट्री में साथ काम कर चुके हैं। इसी दौरान दोनों की पहचान हुई थी। रियासत के कहने पर मोबीन ने रवि से पिस्टल उपलब्ध कराने के लिए संपर्क किया था।