हरदोई के मंगली पुरवा में दो पक्षों में मारपीट, कई लोग घायल, स्थानीय लोगों ने दूसरे पक्ष को पीटा, CCTV फुटेज आया सामने

हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के मंगली पुरवा में दो पक्षों के बीच मारपीट के बाद जमकर हंगामा हुआ। एक पक्ष ने चाचा-भतीजे पर हमला करने का आरोप लगाया है। घटना के दौरान स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद विवाद ने और तूल पकड़ लिया। मारपीट और वाहनों में तोड़फोड़ की घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, रेलवेगंज की गुप्ता कॉलोनी निवासी पूर्वांकर गुप्ता ने आरोप लगाया कि वह अपने चाचा अरुण गुप्ता की दुकान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मोमिनाबाद निवासी अशरफ चौधरी और हुसैन शम्सी करीब 15 साथियों के साथ वहां पहुंचे और उन्हें घेरकर मारपीट करने लगे। भतीजे को बचाने पहुंचे अरुण गुप्ता भी कथित तौर पर हमले में घायल हो गए। पूर्वांकर को प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि अरुण गुप्ता को हालत के मद्देनजर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
मारपीट के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। आरोप है कि स्थानीय लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों को दौड़ाया। इस दौरान कुछ लोग अपनी करीब तीन गाड़ियां मौके पर छोड़कर भाग निकले। इसी बीच अशरफ चौधरी को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और उसके साथ भी मारपीट की। वाहनों में तोड़फोड़ की बात भी सामने आई है। घायल अशरफ को प्राथमिक उपचार दिया गया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें कुछ युवक बाइक से आते-जाते और बाद में दोनों पक्षों के बीच मारपीट होती दिखाई देने की बात कही जा रही है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने अशरफ चौधरी को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, मामले में मुकदमा दर्ज करने और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। विवाद की वजह और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है।