स्वच्छता पखवाड़े में आरपीएफ ने चलाया विशेष सफाई अभियान मंडल कार्यालय परिसर की सफाई, अनुपयोगी फाइलों और इलेक्ट्रॉनिक कचरे का किया निस्तारण

स्वच्छता पखवाड़े में आरपीएफ ने चलाया विशेष सफाई अभियान

मंडल कार्यालय परिसर की सफाई, अनुपयोगी फाइलों और इलेक्ट्रॉनिक कचरे का किया निस्तारण

अजमेर। स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत 19 सितंबर को अजमेर मंडल कार्यालय परिसर में रेलवे सुरक्षा बल की ओर से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। मंडल सुरक्षा आयुक्त योगेंद्र कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ स्टाफ ने सुरक्षा विभाग सहित कार्यालय के विभिन्न हिस्सों में सफाई अभियान चलाया।

अभियान के दौरान कार्यालय के मुख्य कक्षों, गलियारों और आसपास के परिसर की गहन सफाई की गई। विभिन्न प्रकोष्ठों में रखी पुरानी और अनुपयोगी फाइलों को छांटकर व्यवस्थित किया गया तथा आवश्यक अभिलेखों को रिकॉर्ड रूम में उचित तरीके से रखा गया।

इसके साथ ही कार्यस्थल पर लंबे समय से पड़े अनावश्यक टूटे-फूटे सामान और इलेक्ट्रॉनिक कचरे को हटाकर निर्धारित डंपिंग क्षेत्र में भेजा गया। सफाई अभियान में मंडल कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक श्रमदान किया।

इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने कार्यस्थल को स्वच्छ, व्यवस्थित और बेहतर बनाए रखने का संकल्प लिया। अभियान के माध्यम से स्वच्छता को नियमित कार्य संस्कृति का हिस्सा बनाने और कार्यालय परिसर को साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया गया।