सोरों में नकली नोटों का बड़ा खेल! एक लाख की जाली करेंसी के साथ दो गिरफ्तार, 500 के 200 नोट बरामद

कासगंज। सोरों में नकली करेंसी के साथ दो आरोपियों की गिरफ्तारी से सनसनी फैल गई। सोरों पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मेला ग्राउंड के पास दोनों को गिरफ्तार किया। तलाशी में उनके कब्जे से 500-500 रुपये के 200 नकली नोट बरामद हुए। बरामद नकली नोटों की कुल कीमत एक लाख रुपये है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बदायूं जिले के मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव सिकंदराबाद निवासी रूपकिशोर उर्फ राजू पुत्र नत्थूराम और कासगंज के ढोलना थाना क्षेत्र के भगवंतपुर निवासी गोविन्द पुत्र प्रेमपाल के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से नकली भारतीय करेंसी मिलने के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार तीन-चार सितंबर की रात सोरों पुलिस और एसओजी टीम अपराधियों के खिलाफ अभियान चला रही थी। इसी दौरान मेला ग्राउंड के पास दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 500 रुपये के 200 जाली नोट मिले। बरामद नकली नोटों की कुल कीमत एक लाख रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार रूपकिशोर उर्फ राजू का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ बदायूं, संभल और अलीगढ़ में 12 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या, दुष्कर्म, चोरी, जालसाजी, धोखाधड़ी, अवैध हथियार और गैंगस्टर एक्ट समेत गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं। वर्ष 2019 में भी उसके खिलाफ जालसाजी और धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सोरों में मुकदमा अपराध संख्या 331/26 दर्ज किया है। बीएनएस की धाराओं 178, 179, 180, 181 और 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। कार्रवाई थाना सोरों प्रभारी लोकेश भाटी, एसओजी प्रभारी रितेश कुमार और उपनिरीक्षक सुमित त्रिपाठी की टीम ने की।