सितंबर तक अजमेर मंडल ने बनाया राजस्व का नया रिकॉर्ड, 1020.65 करोड़ रुपये की कमाई

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने वाणिज्यिक और परिचालन क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए सितंबर 2026 तक अब तक का सर्वाधिक राजस्व अर्जित कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मंडल ने इस अवधि में कुल 1020.65 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल किया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव ने बताया कि यह उपलब्धि वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक भारती भारद्वाज के निर्देशन में परिचालन विभाग सहित सभी विभागों के बेहतर समन्वय और लगातार किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है। माल ढुलाई, यात्री सेवाओं और गैर-किराया राजस्व बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

राजस्व में सबसे बड़ा योगदान माल भाड़ा परिवहन का रहा, जिससे मंडल को 525.71 करोड़ रुपये की आय हुई। वहीं यात्री परिवहन से 432.32 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। इस अवधि में मंडल क्षेत्र से यात्रा शुरू करने वाले यात्रियों की संख्या 146.11 लाख रही।

टिकट जांच अभियान से भी मंडल ने उल्लेखनीय आय अर्जित की। सघन जांच और प्रभावी निगरानी के चलते टिकट चेकिंग से 10.78 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। इसके अलावा गैर-किराया राजस्व से 2.46 करोड़ रुपये और स्टेशनों पर पार्किंग प्रबंधन से 1.38 करोड़ रुपये की आय हुई।

इस उपलब्धि पर मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने कहा कि अजमेर मंडल परिचालन दक्षता, यात्री सुरक्षा और आधुनिक यात्री सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता देते हुए भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों को दिया।