वोट चोर, गद्दी छोड़” के नारों से गूंजा कोरिया, कांग्रेस ने निकाला विशाल विरोध मार्च ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

बैकुण्ठपुर । लोकतंत्र की रक्षा, निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाताओं के संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया के नेतृत्व में सोमवार को विशाल विरोध मार्च निकाला गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वोट चोर, गद्दी छोड़ के नारे लगाए। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई यह प्रदर्शन देशभर में कांग्रेस द्वारा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर किए जा रहे विरोध प्रदर्शनों की कड़ी में आयोजित किया गया जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेसजन एकत्रित हुए और विरोध मार्च निकालते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले का दहन भी किया गया जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया में मतदाताओं के नाम काटे जाने और जोड़े जाने को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस का आरोप है कि मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं से पात्र मतदाताओं के मताधिकार प्रभावित होने की आशंका है। पार्टी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के साथ ही उनके कार्यकाल में लिए गए निर्वाचन संबंधी निर्णयों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष समीक्षा की मांग की ज्ञापन में मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों की जांच कराने, पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने तथा यदि किसी स्तर पर अनियमितता या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। कांग्रेस ने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की भी मांग रखी गौरतलब है कि निर्वाचन आयोग की आधिकारिक जानकारी के अनुसार ज्ञानेश कुमार वर्तमान में भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त हैं और उन्होंने 19 फरवरी 2025 को 26वें मुख्य निर्वाचन आयुक्त के रूप में कार्यभार संभाला था कांग्रेस ने राष्ट्रपति से मामले में आवश्यक हस्तक्षेप करते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया विरोध प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, संयुक्त महामंत्री वेदांती तिवारी, कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल, महामंत्री बृजवासी तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष बिहारी लाल राजवाड़े, आशीष यादव, लल्ला सुरेश सिंह, अजीत लकड़ा, अजय सिंह, शैलेन्द्र सिंह सहित मंडल, पंचायत एवं बूथ स्तर के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।