वैष्णो देवी यात्रा में श्रद्धालुओं के लिए हेलीकॉप्टर सेवा का विकल्प, समय की बड़ी बचत

कटड़ा। मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए हेलीकॉप्टर सेवा यात्रा को आसान और तेज बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। कम समय में कटड़ा से सांझीछत पहुंचने की सुविधा के कारण यह सेवा बुजुर्गों, कम समय में यात्रा पूरी करने वाले श्रद्धालुओं और पैदल यात्रा में कठिनाई महसूस करने वाले यात्रियों के लिए खास तौर पर उपयोगी साबित हो रही है।

हेलीकॉप्टर सेवा के किराये में आगामी दिनों में संशोधन की संभावना जताई जा रही है। वर्तमान में कटड़ा से सांझीछत तक एक तरफ की यात्रा का किराया प्रति श्रद्धालु 2320 रुपये है। प्रस्तावित संशोधन के बाद यह करीब 2700 रुपये हो सकता है। हालांकि, किराये में बदलाव और इसे लागू करने की तारीख को लेकर श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है।

महज पांच मिनट में कटड़ा से सांझीछत

हेलीकॉप्टर सेवा की सबसे बड़ी खासियत इसकी तेज यात्रा है। कटड़ा से उड़ान भरने के बाद हेलीकॉप्टर श्रद्धालुओं को करीब पांच मिनट में सांझीछत पहुंचा देता है। यहां से माता वैष्णो देवी भवन की दूरी लगभग डेढ़ किलोमीटर है। श्रद्धालु आगे की यात्रा पैदल कर सकते हैं और आवश्यकता पड़ने पर घोड़ा, पिट्ठू तथा पालकी की सुविधा भी ले सकते हैं।

आने-जाने की टिकट पर विशेष दर्शन की सुविधा

हेलीकॉप्टर सेवा का लाभ लेने वाले श्रद्धालुओं के लिए यात्रा का अनुभव और सुविधाजनक बनाया गया है। आने-जाने की टिकट बुक कराने वाले श्रद्धालुओं को श्राइन बोर्ड की ओर से विशेष दर्शन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है। इससे दर्शन के लिए लंबी प्रतीक्षा से राहत मिलती है और श्रद्धालु कम समय में माता के दर्शन कर वापस लौट सकते हैं।

हर दिन बड़ी संख्या में उड़ानें

सामान्य दिनों में दोनों हेलीकॉप्टर कंपनियों द्वारा प्रतिदिन करीब 60 से 70 उड़ानें संचालित की जाती हैं। सेवा सुबह करीब सात बजे से शाम पांच बजे तक उपलब्ध रहती है। एक उड़ान में लगभग पांच से छह श्रद्धालु यात्रा कर सकते हैं।

दशकों से श्रद्धालुओं की सेवा में हेलीकॉप्टर

मां वैष्णो देवी की यात्रा को सुगम बनाने के उद्देश्य से श्राइन बोर्ड ने वर्ष 2000 में दोबारा हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की थी। इसके बाद समय के साथ कई कंपनियां इस सेवा से जुड़ीं। वर्तमान में हिमालयन हेली सर्विसेज और ग्लोबल विंट्रा श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध करा रही हैं।

मां वैष्णो देवी की यात्रा में हेलीकॉप्टर सेवा ने खासतौर पर उन श्रद्धालुओं के लिए सुविधा का नया विकल्प उपलब्ध कराया है, जो कम समय में माता के दरबार तक पहुंचकर दर्शन करना चाहते हैं। तेज यात्रा, विशेष दर्शन और वैकल्पिक परिवहन सुविधा के कारण यह सेवा श्रद्धालुओं के लिए यात्रा को और अधिक सुविधाजनक बना रही है।