विश्व हिंदू महासंघ (भारत उत्तर प्रदेश)ने हरजिंदर सिंह को सौंपी उत्तर प्रदेश प्रदेश मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी

सरकारी दावों के बीच बदहाल आंगनवाड़ी केंद्र, जर्जर छत के नीचे नौनिहालों की सुरक्षा पर संकट

ग्राम पंचायत बिलासपुर के केंद्र में उखड़ रहा छत का प्लास्टर, दिखाई दे रहे लोहे के सरिये; खिड़कियों में भी जरूरी इंतजाम नदारद

बिलसंडा (पीलीभीत)। ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और शुरुआती शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए आंगनवाड़ी केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, लेकिन विकास खंड बिलसंडा की ग्राम पंचायत बिलासपुर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र की बदहाल स्थिति विभागीय व्यवस्थाओं की हकीकत उजागर कर रही है। केंद्र का भवन मरम्मत की बाट जोह रहा है। छत की हालत इतनी खराब है कि कई जगह प्लास्टर उखड़ चुका है और लोहे के सरिये बाहर दिखाई देने लगे हैं। इससे केंद्र में आने वाले मासूम बच्चों और आंगनवाड़ी कार्यकत्री की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

केंद्र के अंदर की तस्वीरें भवन की जर्जर हालत को साफ बयां कर रही हैं। छत पर जगह-जगह दरारें हैं और प्लास्टर टूटकर गिर रहा है। दीवारों पर सीलन के निशान भी दिखाई देते हैं। भवन की मौजूदा स्थिति को देखते हुए इसकी मजबूती और सुरक्षा की जांच कराया जाना जरूरी हो गया है। बच्चों की नियमित आवाजाही के बीच छत की यह हालत किसी संभावित दुर्घटना की आशंका को बढ़ाती है।

खिड़कियों से लेकर बैठने तक की व्यवस्था अधूरी

केंद्र की खिड़कियों में लोहे की ग्रिल तो लगी हुई है, लेकिन शीशे और पल्ले नहीं हैं। ऐसे में सर्दी और मौसम के बदलाव के दौरान बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, आंगनवाड़ी कार्यकत्री के बैठने और विभागीय अभिलेखों से संबंधित कार्य करने के लिए भी पर्याप्त सुविधाएं नजर नहीं आतीं। भवन के बाहर आकर्षक चित्रकारी होने के बावजूद अंदर की बदहाली व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रही है।

अधिकारियों के निरीक्षण का इंतजार

आंगनवाड़ी केंद्रों पर छोटे बच्चों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ऐसे में बिलासपुर के केंद्र की स्थिति को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने जिला प्रशासन तथा बाल विकास विभाग के अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है।

लोगों की मांग है कि संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर भवन का निरीक्षण करें और उसकी तकनीकी सुरक्षा जांच कराएं। छत की मरम्मत, खिड़कियों में शीशे व पल्ले लगाने तथा अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था कराई जाए। यदि भवन को असुरक्षित पाया जाता है तो मरम्मत पूरी होने तक बच्चों के लिए सुरक्षित वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जाए। अब देखना यह है कि नौनिहालों की सुरक्षा से जुड़े इस मामले में जिम्मेदार विभाग कब तक कार्रवाई करता है।

Khalsa live 24 news se GURDEEP SINGH